स्वतंत्र आवाज़
word map

किरण बेदी पुद्दुचेरी की उपराज्यपाल

प्रशासन का लंबा अनुभव है किरण बेदी के पास

तेज़तर्रार व एक साफ-सुथरा राजनीतिक चेहरा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 23 May 2016 04:24:28 AM

kiran bedi

नई दिल्ली। देश की पहली महिला आईपीएस अधिकारी रहीं और पिछले वर्ष भाजपा में दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की दावेदार बनाई गईं किरण बेदी को पुद्दुचेरी का उपराज्‍यपाल नियुक्‍त किया गया है। पुद्दुचेरी केंद्र शासित प्रदेश है और हाल के विधानसभा चुनाव में पुद्दुचेरी में कांग्रेस को बहुमत मिला है। राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने उपराज्यपाल पद पर किरण बेदी की नियुक्ति करते हुए कहा है कि उनके पदभार ग्रहण करने की तारीख से यह नियुक्ति प्रभावी हो जाएगी।
किरण बेदी को उनकी पुलिस में सेवाओं के दौरान एक सख्त और अनुशासनप्रिय अधिकारी के रूप में देखा गया है और उम्मीद की जाती है कि पुद्दुचेरी के उपराज्यपाल के रूप में भी वे प्रशासक और कूटनीतिज्ञ की भूमिका में नज़र आएंगी। पुद्दुचेरी में कांग्रेस का शासन रहने के कारण उनके सामने बहुत सारी राजनीतिक चुनौतियां होंगी। किरण बेदी एक तेज़तर्रार और साफ-सुथरे राजनीतिक चेहरे की जरूरत को भी पूरा करती हैं।
किरण बेदी की सार्वजनिक जीवनशैली का जिक्र करें तो वे नेता नहीं होकर भी नेताओं जैसे लिबास, अंदाज और मीडिया का कुशलता से सामना करने के तेवर से लैस रहती हैं। दिल्ली में विधानसभा का चुनाव लड़ते समय जहां उनकी साफगोई को पसंद किया गया, वहीं राजनीतिक क्षेत्र में उन्हें पसंद नहीं किया गया। दिल्ली में भाजपा के अनेक नेताओं ने उनको सिर्फ इसलिए हरवाया, ताकि किरण बेदी की वजह से उनका राजनीतिक‌ महत्व खत्म नहीं हो जाए। बहरहाल उनके पास दिल्ली का अनुभव और अपार प्रशासनिक क्षमता है, उनके पास 40 साल का प्रशासनिक अनुभव है और वे नई जिम्मेदारी में कैसा काम करेंगी, यह देखना होगा।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]