प्रकाशन विभाग की पुस्तकों एवं पत्रिकाओं का आकर्षक संग्रह
विश्व पुस्तक मेला प्रकाशन जगत का बहुप्रतीक्षित आयोजनस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Saturday 10 January 2026 12:21:55 PM
नई दिल्ली। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का प्रकाशन विभाग दिल्ली विश्व पुस्तक मेले 2026 में भाग ले रहा है, जो आज से 18 जनवरी 2026 तक प्रगति मैदान नई दिल्ली में लग रहा है। नौ दिवसीय विश्व पुस्तक मेले का आयोजन केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अधीन एक स्वायत्त संगठन राष्ट्रीय पुस्तक ट्रस्ट भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन के सहयोग से कर रहा है। पुस्तक मेले की थीम-‘भारतीय सैन्य इतिहास: 75 वर्ष की वीरता और बुद्धिमत्ता’ के अनुरूप प्रकाशन विभाग अंग्रेजी, हिंदी और सभी भारतीय भाषाओं में पुस्तकों की विविध श्रृंखलाओं केसाथ आगंतुकों और पुस्तक प्रेमियों को आकर्षित करने केलिए तैयार है। आशा हैकि मेले में पेश की जा रही किताबें मेले में आनेवाले किताब प्रेमियों के मन को ज़रूर मोह लेंगी। मेले में कला और संस्कृति, इतिहास, सिनेमा, व्यक्तित्व और जीवनियां, भूमि और लोग, गांधीवादी साहित्य और बाल साहित्य आदि विविध विषयों पर पुस्तकें भी शामिल हैं।
प्रकाशन विभाग की प्रीमियम पुस्तकों की श्रेणी में 'राष्ट्रपति भवन श्रृंखला', 'राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के चयनित भाषण', 'महात्मा गांधी की रचनाएं' और 'पंडित मदन मोहन मालवीय की रचनाएं' आदि शामिल हैं। प्रकाशन विभाग मेले में अपनी पुस्तकों के आकर्षक संग्रह व लोकप्रिय और व्यापक रूपसे प्रसारित पत्रिकाओं योजना, कुरुक्षेत्र, आजकाल और बाल भारती का भी प्रदर्शन कर रहा है। आगंतुक विभाग की प्रकाशित पत्रिकाओं और रोज़गार समाचार की वार्षिक सदस्यता भी खरीद सकते हैं। दिल्ली विश्व पुस्तक मेला प्रकाशन जगत के सबसे बहुप्रतीक्षित आयोजनों में से एक है, इसमें दुनियाभर के प्रमुख प्रकाशन संस्थान भाग लेते हैं। अपनी पसंदीदा पुस्तकें खरीदने के अलावा आगंतुक मेले के दौरान होनेवाली विभिन्न गतिविधियों जैसे-ऑथर्स कनेक्ट, युवा कॉर्नर, बाल लेखक कॉर्नर और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आनंद ले सकते हैं। प्रकाशन विभाग अपनी पुस्तकों और पत्रिकाओं का प्रदर्शन स्टॉल संख्या डी-08 हॉल संख्या 5 भारत मंडपम नई दिल्ली में करेगा।
प्रकाशन विभाग राष्ट्रीय महत्व के विषयों और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को उजागर करने वाली पुस्तकों और पत्रिकाओं का भंडार है। वर्ष 1941 में स्थापित प्रकाशन विभाग भारत सरकार का एक प्रमुख प्रकाशन संस्थान है, जो विकास, भारतीय इतिहास, संस्कृति, साहित्य, जीवनी, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, पर्यावरण और रोज़गार जैसे विविध विषयों पर विभिन्न भाषाओं में पुस्तकें और पत्रिकाएं प्रकाशित करता है। यह विभाग पाठकों और प्रकाशकों केबीच व्यापक विश्वसनीयता रखता है और अपनी विषयवस्तु की प्रामाणिकता केलिए प्रसिद्ध है। विभाग के प्रमुख प्रकाशनों में लोकप्रिय मासिक पत्रिकाएं जैसे योजना, कुरुक्षेत्र और आजकाल, साथही साप्ताहिक रोज़गार समाचार पत्र 'एम्प्लॉयमेंट न्यूज' और 'रोजगार समाचार' शामिल हैं। प्रकाशन विभाग सरकार की प्रतिष्ठित संदर्भ वार्षिक पत्रिका 'इंडिया ईयर बुक' भी प्रकाशित करता है।