देश के राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मीडिया पेशेवरों ने लिया हिस्सा
चुनावी प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं की जानकारीपूर्ण समझ विकसित!स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Saturday 18 July 2026 12:11:00 PM
नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग ने ‘हितधारकों को जोड़ना, लोकतंत्र को मजबूत करना: चुनावों में मीडिया की भूमिका’ विषय पर देशभर के राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों से 380 से अधिक मीडिया पेशेवरों को एकसाथ लाते हुए पहला अखिल भारतीय मीडिया सम्मेलन-2026 आयोजित किया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहाकि भारत में चुनाव देश के संविधान, चुनावी कानूनों और समय-समय पर जारी चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार कराए जाते हैं। उन्होंने कहाकि भारत में चुनावी प्रक्रियाओं से जुड़े हितधारक पूरी चुनाव प्रक्रिया का साथ-साथ ऑडिट करते हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहाकि लगभग 95 करोड़ नागरिकों वाली भारत की मतदाता सूची एक जीवंत दस्तावेज है, जो समय केसाथ गतिशील रूपसे विकसित हो रही है। मतदाता सूची तैयार करने में निहित वैधानिक सुरक्षा उपायों पर उन्होंने कहाकि 12 लाख से अधिक बूथस्तरीय अधिकारी और 15 लाख से अधिक बूथस्तरीय एजेंट समवर्ती लेखा परीक्षकों के रूपमें इस प्रक्रिया में सक्रिय हैं। ज्ञानेश कुमार ने कहाकि हालही में हुए विधानसभा चुनावों में अबतक की सबसे अधिक मतदान भागीदारी भारतीय मतदाताओं के देश की चुनावी प्रणाली पर विश्वास और भारतीय लोकतंत्र की जीवंतता का प्रमाण है। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में भाग लेने केलिए मतदाताओं केप्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहाकि अखिल भारतीय मीडिया सम्मेलन का उद्देश्य चुनावी प्रक्रियाओं के विभिन्न पहलुओं की जानकारीपूर्ण समझ को बढ़ावा देना है और यह बताना हैकि भारत में चुनाव अत्यंत पारदर्शिता केसाथ कराए जाते हैं, इसमें राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के प्रमुख हितधारक शामिल होते हैं।
अखिल भारतीय मीडिया सम्मेलन की शुरुआत संविधान, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950-51 और चुनाव आयोग के समय-समय पर जारी निर्देशों में निहित पारदर्शिता उपायों, ईसीआईएनईटी प्लेटफॉर्म, चुनावों में प्रौद्योगिकी की भूमिका, महत्वपूर्ण संवैधानिक प्रावधानों और चुनाव के दौरान मीडिया संबंधित कानूनों के व्यापक अवलोकन केसाथ हुई। मीडिया पेशेवरों को बूथ लेवल एजेंट, पोलिंग एजेंट और काउंटिंग एजेंट की भूमिकाओं और जिम्मेदारियों के बारेमें जानकारी दी गई, इनमें भारत में चुनावों के समवर्ती लेखा परीक्षकों के रूपमें पारदर्शिता सुनिश्चित करने, राजनीतिक दलों की भागीदारी को सुविधाजनक बनाने और चुनाव प्रक्रिया को मजबूत करने में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला गया। अखिल भारतीय मीडिया सम्मेलन के अंतर्गत मीडिया पेशेवरों को विभिन्न वैधानिक प्रपत्रों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान किया गया, जो विभिन्न हितधारकों के समवर्ती लेखापरीक्षा का आधार बनते हैं। मुख्य आयुक्त ज्ञानेश कुमार केसाथ मीडिया पेशेवरों के प्रश्नोत्तर सत्र भी हुए।