ओमान-भारत समुद्री बचाव समन्वय केंद्र का संयुक्त अभियान
आपातकालीन परिस्थितियों में अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सहयोग पर जोरस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Tuesday 9 June 2026 06:39:48 PM
मुंबई। ओमान केपास एक व्यापारिक पोत पर हमले केबाद भारतीय तटरक्षक बल और ओमान के अधिकारियों के समन्वित प्रयासों से 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। भारतीय तटरक्षक बल के समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (एमआरसीसी) मुंबई को 8 जून 2026 को लगभग 14:20 बजे ओमान के मसिराह तट केपास लंगर डाले हुए पलाऊ ध्वज वाले टैंकर एमटी मारिवेक्स पर मिसाइल हमले की सूचना मिली। इस टैंकर में 24 भारतीय चालक दल के सदस्य सवार थे। इसके बाद समुद्री बचाव समन्वय केंद्र ने ओमान समुद्री खोज एवं बचाव केंद्र से संपर्क स्थापित किया और स्थिति पर नज़र रखने और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने केलिए ओमान समुद्री खोज एवं बचाव केंद्र और अन्य संबंधित हितधारकों केसाथ घनिष्ठ समन्वय बनाए रखा।
ओमान समुद्री खोज एवं बचाव केंद्र ने लगभग 17:00 बजे पुष्टि कीकि ओमान नौसेना के हेलीकॉप्टरों से सभी 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है। बचाए गए सभी लोग सुरक्षित हैं और किसीको कोई नुकसान नही हुआ। जहाज अभीभी ओमान के मसिराह तट केपास लंगर डाले हुए है। इस सफल बचाव अभियान से अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सहयोग की प्रभावशीलता और क्षेत्रमें समुद्री बचाव अधिकारियों केबीच मजबूत समन्वय तंत्र का पता चलता है। यह कार्रवाई भारतीय तटरक्षक बल की भारतीय नाविकों की सुरक्षा और समुद्री आपात स्थितियों के दौरान समय पर सहायता प्रदान करने की प्रतिबद्धता को भी उजागर करती है।