उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी विस्तार की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने प्रधानमंत्री एवं रेलमंत्री को जताया आभारस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Sunday 19 July 2026 05:03:43 PM
देहरादून/ नई दिल्ली। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस की पहली सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और इसीके साथ रामनगर-देहरादून को जोड़नेवाली पहली सीधी एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत हुई। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कॉंफ्रेंसिंग से कार्यक्रम से जुड़े थे। यह नई ट्रेन इस क्षेत्र के लोगों की दीर्घकालिक मांग थी, जो उत्तराखंड के कुमाऊं एवं गढ़वाल क्षेत्रों केबीच रेल कनेक्टिविटी को काफी मजबूत करेगी। अश्विनी वैष्णव ने कहाकि इससे उत्तराखंड के लोगों को तेज, अधिक सुविधाजनक और विश्वसनीय रेल संपर्क मिलने की आशा है। उन्होंने बतायाकि हरिद्वार पर दबाव कम करने केलिए ऋषिकेश रेलवे स्टेशन को फीडर स्टेशन के रूपमें विकसित किया जाएगा, इसके लिए एक मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है, इसमें अतिरिक्त क्षमता सृजित करना, हरिद्वार और ऋषिकेश आनेजाने वाले यात्रियों केलिए कनेक्टिविटी में सुधार करना प्रमुख है।
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहाकि उत्तराखंड में रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास तेजीसे हो रहा है, इनमें देहरादून, हरिद्वार जंक्शन, हर्रावाला, काशीपुर जंक्शन, किच्छा, कोटद्वार, रुड़की, काठगोदाम, लाल कुआं जंक्शन, रामनगर और टनकपुर शामिल हैं। रेलमंत्री ने कहाकि हरिद्वार और देहरादून स्टेशनों के पुनर्विकास की योजना इस प्रकार बनाई जा रही हैकि ग़रीब और मध्यम वर्ग के यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों, साथही यह सुनिश्चित होकि भीड़भाड़ न बढ़े। अश्विनी वैष्णव ने बतायाकि हालही में शुरू टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है और इस इलाके में वंदे भारत सेवाएं भी अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहाकि रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस उत्तराखंड में रेल संपर्क को मजबूत करने वाला बड़ा कदम है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहाकि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन पर कार्य प्रगति पर है और यह उत्तराखंड के सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक, पर्यटन विकास की जीवनरेखा साबित होगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बतायाकि उत्तराखंड को रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट आवंटित किया गया है, जबकि राज्य में 40,000 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाएं वर्तमान में कार्यांवयन के अधीन हैं। पुष्कर सिंह धामी ने कहाकि आगामी कुंभ महोत्सव को देखते हुए कई बुनियादी ढांचा परियोजनाएं और ट्रेन सेवाएं शुरू करने की योजना बनाई जा रही है। गौरतलब हैकि रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस हर बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। ट्रेन संख्या 15310 रामनगर से सुबह 5:50 बजे प्रस्थान करेगी और दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 15309 देहरादून से दोपहर 15:55 बजे प्रस्थान करेगी और रात 23:30 बजे रामनगर पहुंचेगी। यह ट्रेन रास्ते में काशीपुर, रोशनपुर, पिपल्सना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन में एसी सेकंड क्लास, एसी थर्ड क्लास, एसी चेयर कार, स्लीपर क्लास, सेकंड सिटिंग और जनरल सेकंड क्लास के कोच होंगे, जो विभिन्न श्रेणियों के यात्रियों केलिए आरामदायक यात्रा विकल्प प्रदान करेंगे। यह नई सेवा उत्तराखंड के नैनीताल, उधम सिंह नगर, हरिद्वार और देहरादून जिलों केसाथ-साथ उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और बिजनौर जिलों के निवासियों को लाभ पहुंचाएगी, जिनमें छात्र, किसान, व्यापारी और समाज के सभी वर्गों के लोग शामिल हैं।
रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस से देहरादून और हरिद्वार केलिए सुविधाजनक एकही दिन में कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे यात्री घर लौटने से पहले अपने आधिकारिक, शैक्षणिक, व्यावसायिक और व्यक्तिगत कार्यों को पूरा कर सकेंगे। इससे क्षेत्रमें पर्यटन और तीर्थयात्रा को बढ़ावा मिलने की भी आशा है। इससे जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान, रामनगर केपास कोसी नदी केबीच एक विशाल चट्टान पर स्थित गिरिजा देवी मंदिर और सीतामढ़ी/ सीतावनी के प्राचीन धार्मिक स्थलों तक उत्तम कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके अलावा हरिद्वार और देहरादून से आगे की कनेक्टिविटी के माध्यम से यात्रियों को बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनात्री सहित चारधाम तीर्थयात्रा मार्ग तक पहुंचना अधिक सुविधाजनक होगा। इस अवसर पर हरिद्वार निर्वाचन क्षेत्र के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल निर्वाचन क्षेत्र के सांसद अनिल बलुनी और वरिष्ठ रेलवे अधिकारी उपस्थित थे।