नरेंद्र मोदी की मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेल जगत की हस्तियों से भेंट
खेल क्षेत्र में भारत और ऑस्ट्रेलिया केबीच बढ़ते सहयोग का स्वागत!स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Friday 10 July 2026 05:00:11 PM
मेलबर्न। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज और विक्टोरिया की प्रीमियर जैसिंटा एलन केसाथ मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर भारत-ऑस्ट्रेलिया केबीच घनिष्ठ खेल संबंधों का जश्न मनाया। इस अवसर पर स्टीव वॉ और लिसा स्थलेकर सहित ऑस्ट्रेलियाई खेल जगत की कई हस्तियां उपस्थित थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस मेलबर्न दौरे ने भारत-ऑस्ट्रेलिया रणनीतिक साझेदारी के स्तंभों के रूपमें खेल, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और दोनों देशों के लोगों केबीच बढ़ते संपर्कों के महत्व को रेखांकित किया। दोनों प्रधानमंत्रियों ने संयुक्त रूपसे भारत-ऑस्ट्रेलिया खेल सहयोग रोडमैप जारी किया, जिससे खेल प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण, खेल विज्ञान प्रौद्योगिकी, खेल उद्योग और निवेश के क्षेत्रों में सहयोग को प्रोत्साहन मिलेगा। इसका उद्देश्य भारत-ऑस्ट्रेलिया युवा खेल महोत्सव का आयोजन करना भी है। दोनों नेताओं ने खेल के क्षेत्र में भारत और ऑस्ट्रेलिया केबीच बढ़ते सहयोग का स्वागत किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को एकजुट करने में खेलों की विशेष भूमिका का उल्लेख करते हुए कहाकि भारत-ऑस्ट्रेलिया खेल सहयोग रोडमैप से दोनों देशों को अपनी खेल साझेदारी में विविधता लाने में मदद मिलेगी। उन्होंने महिला क्रिकेट विश्वकप जीतने पर ऑस्ट्रेलिया को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहाकि भारत और ऑस्ट्रेलिया अंतर्राष्ट्रीय खेलों में एक महत्वपूर्ण दशक में प्रवेश कर रहे हैं, इसमें भारत 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करेगा और ऑस्ट्रेलिया 2032 में ब्रिस्बेन ओलंपिक की मेजबानी करेगा। उन्होंने कहाकि ये घटनाक्रम खेलों और संबंधित उद्योगों में घनिष्ठ द्विपक्षीय सहयोग के अवसर पैदा करते हैं। इस दौरान उन्होंने कबड्डी, ऑस्ट्रेलियाई फुटबॉल और क्रिकेट प्रदर्शनी मैचों में भाग ले रहे खिलाड़ियों केसाथ बातचीत की। नरेंद्र मोदी ने कहाकि खेल भारत और ऑस्ट्रेलिया केबीच एक महत्वपूर्ण पुल की तरह काम करता है, जो समुदायों को जोड़ते हुए सहयोग के नए रास्ते खोलता है। प्रधानमंत्री ने कहाकि वर्ष 2023 के खेल सहयोग समझौते के अनुरूप भारत-ऑस्ट्रेलिया खेल सहयोग का रोडमैप हमारे द्विपक्षीय संबंधों की नींव को सुदृढ़ बनाने में व्यावहारिक और भविष्य केंद्रित प्राथमिकताओं केसाथ नए अवसर प्रस्तुत करता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिक्र कियाकि अगले दशक में उपलब्ध अवसरों जैसे अहमदाबाद में 2030 राष्ट्रमंडल खेल, ब्रिस्बेन में 2032 ओलंपिक और पैरा ओलंपिक खेल, भविष्य में ओलंपिक एवं पैरा ओलंपिक खेलों की मेजबानी केलिए भारत की आकांक्षा को ध्यान में रखते हुए यह रोडमैप साझा प्राथमिकताओं, संसाधनों और क्षमताओं के आधार पर लक्षित सहयोग के क्षेत्रों की पहचान करता है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और भारत के खेल प्रशासन और खेल विकास में मौजूदा अंतर को स्वीकारते हुए और विशिष्ट व सामुदायिक खेलों को बढ़ावा देने में खेल निकायों, व्यवसायों, राज्य सरकारों, विश्वविद्यालयों और सामुदायिक समूहों की नेतृत्वकारी भूमिका को समझते हुए कहाकि हम दोनों देशों में संबंधित संस्थानों केबीच संवाद को सुविधाजनक बनाने और सहयोगपूर्ण कार्यप्रणाली को बढ़ावा देने केलिए प्रतिबद्ध हैं, जिससे विभिन्न स्तरों पर मजबूत खेल साझेदारी का विकास हो और दोनों देशों को लाभ मिले।