स्वतंत्र आवाज़
word map

गरुड़ दूरबीन आम लोगों केलिए बाजार में लॉंच

रक्षा विशेषज्ञता और आधुनिक तकनीक से सुसज्जित है 'गरुड़' दूरबीन

इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड की देहरादून इकाई ने किया विकास व निर्माण

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 14 August 2026 12:37:47 PM

garuda telescope launched in the market for common people

नई दिल्ली। इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड (आईओएल) ने उच्च आवर्धन क्षमता वाली स्वदेशी दूरबीन ‘गरुड़’ आम लोगों के इस्तेमाल केलिए असैन्य बाजार में लॉंच कर दी है। आईओएल रक्षा उत्पादन विभाग के तहत आने वाली ‘मिनी रत्न श्रेणी-I’ की रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी है। इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड की इकाई ऑर्डनेंस फैक्ट्री देहरादून की विकसित और निर्मित ‘गरुड़’ स्वदेशी परिकल्पना एवं निर्माण के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत की भावना को साकार करती है। वर्ष 1943 से सटीक ऑप्टिकल निर्माण की समृद्ध विरासत केसाथ गरुड़ दूरबीन में रक्षा क्षेत्र हेतु सिद्ध विशेषज्ञता और आधुनिक तकनीक का संयोजन किया गया है, ताकि आम लोगों को भी भरोसेमंद और बेहतरीन दृश्य अनुभव उपलब्ध कराया जा सके।
गरुड़ दूरबीन में 8 गुना आवर्धन और 7.6 डिग्री का विस्तृत दृश्य क्षेत्र मिलता है, इससे दूर की वस्तुओं को स्पष्ट रूपसे देखने केसाथ-साथ व्यापक क्षेत्र में निगरानी करना भी संभव होता है। इस दूरबीन में अलग-अलग लोगों की दृष्टि के अनुरूप डायोप्टर समायोजन, लंबे समय तक आराम से देखने केलिए सॉफ्ट टच आईकप और मजबूत एवं आरामदायक पकड़ हेतु ग्रिप दी गई है। इसकी मौसमरोधी बनावट इसे विभिन्न बाहरी परिस्थितियों में भरोसेमंद उपयोग केलिए उपयुक्त बनाती है। गरुड़ दूरबीन लगभग 610 ग्राम भार वाला एक विशेष उपकरण है और यह एक कॉम्पैक्ट डिजाइन में आसानी से लाने-ले जाने में सक्षम व भरोसेमंद परिणाम देने का संयोजन है। यह पक्षी दर्शन, वन्यजीव दर्शन, प्रकृति अवलोकन, यात्रा, खेल, वानिकी, समुद्री गतिविधियों और सुरक्षा संबंधी कार्यों सहित विभिन्न उपयोगों केलिए काफी उपयुक्त है।
इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड इस विशिष्ट पहल केसाथ आम लोगों केलिए ऑप्टिक्स बाजार में प्रवेश कर रही है। गरुड़ से देश की भरोसेमंद रक्षा ऑप्टिकल क्षमताएं अब आम जनता केलिए भी उपलब्ध होंगी। इससे आउटडोर गतिविधियों के शौकीनों एवं पेशेवरों को उस सटीकता और भरोसे का अनुभव करने का अवसर मिलेगा, जिसे देश की दशकों लंबी सैन्य सेवा के दौरान विकसित किया गया है। यह उपकरण ऐसे दूरबीन प्लेटफॉर्म पर आधारित है, जिसने चुनौतीपूर्ण परिचालन परिस्थितियों में सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों केलिए एक भरोसेमंद साथी के रूपमें काम किया है। संयुक्त सचिव (लैंड सिस्टम्स) डॉ गरिमा भगत की उपस्थिति में डीपीएसयू भवन नई दिल्ली में स्वदेशी दूरबीन को आम लोगों केलिए लॉंच किया गया। इस अवसर पर रक्षा उत्पादन विभाग, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और वाइल्डलाइफ सोसाइटी ऑफ इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों केसाथ इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड के निदेशक मंडल के सदस्य और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]