संचार मंत्री ने दी दूरसंचार कुशल लोगों और संस्थानों को बधाई
अमंत्या टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड और फिनारा पुरस्कृतस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Thursday 30 July 2026 03:53:32 PM
नई दिल्ली। केंद्रीय संचार और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य माधवराव सिंधिया ने दूरसंचार तकनीकी क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान केलिए अमंत्या टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड और फिनारा को प्रतिष्ठित 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय दूरसंचार उत्कृष्टता पुरस्कार-2025' प्रदान किए। पंडित दीनदयाल उपाध्याय दूरसंचार उत्कृष्टता पुरस्कार केलिए चयन प्रक्रिया में भारतीय नागरिकों और भारत में पंजीकृत संस्थानों का नामांकन शामिल था। यह प्रक्रिया गृह मंत्रालय केतहत महानिदेशक अवार्ड्स के मैनेज किए जानेवाले राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल से पूरी की गई।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय दूरसंचार उत्कृष्टता पुरस्कार की शुरुआत संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग ने की है। इसका उद्देश्य दूरसंचार क्षेत्रमें नवाचार को बढ़ावा देना और दूरसंचार कौशल इकोसिस्टम को प्रेरित करना है। इसके तहत भारत के उन सफल दूरसंचार कुशल लोगों और संस्थानों को हर साल सम्मानित किया जाता है, जिन्होंने दूरसंचार नवाचार, दूरसंचार कौशल, दूरसंचार सेवा, दूरसंचार विनिर्माण और दूरसंचार एप्लीकेशन जैसे क्षेत्रोंमें शानदार योगदान दिया है। ये एप्लीकेशन कृषि, व्यापार, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में दूरसंचार आधारित समाधान लागू करने में मदद करते हैं। कार्यक्रम में संचार और ग्रामीण विकास राज्यमंत्री डॉ चंद्रशेखर पेम्मासानी, सचिव दूरसंचार विभाग अमित अग्रवाल और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।