फर्जी एयर सुविधा 2.0 वेबसाइटों और पोर्टल से सावधान रहें
एयर सुविधा 2.0 संपर्करहित यात्री स्वास्थ्य स्वघोषणा पोर्टलस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Saturday 25 July 2026 06:18:16 PM
नई दिल्ली। भारतीय नागर विमानन मंत्रालय के संज्ञान में आया हैकि कुछ फर्जी वेबसाइटें और पोर्टल एयर सुविधा 2.0 होने का ढोंग कर रहे हैं और यात्रियों को भुगतान गेटवे पर पुनर्निर्देशित करके उन्हें गुमराह कर रहे हैं। ज्ञातव्य हैकि नागरिक उड्डयन मंत्रालय और दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड ने एयर सुविधा 2.0 का शुभारंभ किया था, जो एक उन्नत संपर्करहित यात्री स्वास्थ्य स्वघोषणा पोर्टल है, जिसका उद्देश्य इबोला रोग के प्रकोप के जवाब में प्रवेश केंद्रों पर सार्वजनिक स्वास्थ्य निगरानी को मजबूत करना है। नागर विमानन मंत्रालय ने यात्रियों को सूचित करते हुए कहा हैकि एयर सुविधा 2.0 सेवाएं नि:शुल्क प्रदान की जाती हैं और स्वघोषणा पत्र जमा करने केलिए कोई शुल्क नहीं देना होता है। यात्रियों से आग्रह किया गया हैकि वे किसीभी व्यक्तिगत या यात्रा संबंधी जानकारी साझा करने से पहले वेबसाइट यूआरएल की ध्यानपूर्वक जांच कर लें और एयर सुविधा 2.0 सेवाएं प्रदान करने का दावा करने वाली किसीभी अनधिकृत वेबसाइट पर भुगतान करने से बचें।
नागर विमानन मंत्रालय ने कहा हैकि यात्री केवल आधिकारिक पोर्टल का उपयोग करें और प्रामाणिक जानकारी केलिए सरकारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें। एयर सुविधा 2.0 सेवा की शुरूआत विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा 17 मई 2026 को अंतर्राष्ट्रीय स्वास्थ्य विनियम-2005 के अंतर्गत कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और युगांडा में इबोला/ बुंडीबुग्यो वायरस रोग के प्रकोप को अंतर्राष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित करने केबाद की गई थी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के सहयोग से विकसित यह पोर्टल अंतर्राष्ट्रीय आगमन करने वाले यात्रियों को आव्रजन मंजूरी से पहले अनिवार्य ऑनलाइन स्वास्थ्य स्वघोषणा पत्र जमा कर सकता है, इसमें 21 दिन का यात्रा इतिहास, संपर्क इतिहास और संबंधित लक्षण (यदि कोई हो) शामिल हैं।
एयर सुविधा 2.0 पोर्टल हवाईअड्डे के स्वास्थ्य अधिकारी, आव्रजन ब्यूरो, आईडीएसपी और राज्य निगरानी अधिकारियों केसाथ वास्तविक समय में डेटा साझा करने में सक्षम बनाता है, जिससे जोखिम वाले यात्रियों की त्वरित पहचान और रेफरल संभव हो पाता है, साथही आगमन प्रक्रिया को सहज और संपर्क रहित बनाए रखता है और लैंडिंग पर कोई फॉर्म भरने की आवश्यकता नहीं होती है। एयरसुविधा स्वघोषणा पत्र भारत पहुंचने से 24 घंटे पहले भरा जा सकता है। यात्रियों से अनुरोध हैकि वे उड़ान में चढ़ने से पहले वेब चेकइन के दौरान फॉर्म भरें, ताकि पंहुचने पर शीघ्र निकासी हो सके। अंतर्राष्ट्रीय यात्रा स्वास्थ्य डेस्क या आव्रजन काउंटर पर केवल डाउनलोड किया गया एसडीएफ दिखाना आवश्यक है। एयर सुविधा 2.0 का एकमात्र आधिकारिक पोर्टल https://airsuvidha.civilaviation.gov.in/ है।