कोलकाता की मशहूर रेड रोड पर 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बंगाल की जनता के साथ करेंगे देश का नेतृत्व!स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Friday 19 June 2026 01:33:03 PM
कोलकाता। पश्चिम बंगाल 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की मेज़बानी करने केलिए तैयार है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'कॉमन योग प्रोटोकॉल' में बंगाल की जनता के साथ देश का नेतृत्व करेंगे। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री प्रतापराव जाधव ने नबन्ना सभागार में इसवर्ष के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के महत्व, व्यापक स्वरूप और तैयारियों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव ने पश्चिम बंगाल सर्कल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल अशोक कुमार केसाथ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 पर बारह विशेष डाक टिकट जारी किए। सुवेंदु अधिकारी ने कहाकि कोलकाता में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की मेजबानी करना पश्चिम बंगाल केलिए अत्यंत गौरव की बात है।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कोलकाता को समृद्ध सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और बौद्धिक विरासत वाला शहर बताया, जो स्वास्थ्य और सामूहिक कल्याण के मूल्यों को निरंतर बनाए रखता है। कोलकाता की मशहूर रेड रोड पर 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने योग को दुनिया केलिए भारत की सबसे मूल्यवान सांस्कृतिक देन बताते हुए कहाकि यह प्राचीन विद्या सभी बाधाओं से परे है और लोगों को स्वास्थ्य, सद्भाव और आंतरिक शांति की दिशामें एकसाथ लाती है। इसवर्ष के विषय ‘स्वस्थ वृद्धावस्था केलिए योग’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहाकि योग शारीरिक शक्ति, मानसिक मज़बूती और भावनात्मक संतुलन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इससे लोग स्वस्थ और अधिक संतुष्टिपूर्ण जीवन जी सकते हैं। मुख्यमंत्री ने आयुष मंत्रालय की उन कोशिशों की तारीफ़ की, जिनसे योग देश के हर कोने तक पहुंचा है और योग 365, स्वस्थ बुढ़ापे केलिए योग, गैर संचारी रोगों केलिए योग, योग पार्क पहल और 100 दिन का मुफ़्त ऑनलाइन योग जैसी पहलों के ज़रिए यह सालभर चलने वाला जन आंदोलन बन गया है। इससे समग्र स्वास्थ्य और कल्याण के क्षेत्रमें भारत की वैश्विक नेतृत्व की भूमिका और मज़बूत हुई है।
आयुष राज्यमंत्री प्रतापराव जाधव ने कहाकि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 महज एक आयोजन नहीं, बल्कि भारत के शाश्वत ज्ञान का राष्ट्रीय उत्सव है, जो स्वास्थ्य, सद्भाव और सामूहिक कल्याण के वैश्विक आंदोलन के रूपमें विकसित हुआ है। प्रतापराव जाधव ने कहाकि भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद और विदेशों में भारतीय दूतावासों के समन्वित प्रयासों से इसवर्ष योग दिवस विश्वभर में लगभग 2500 स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है। प्रतापराव जाधव ने योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई मंत्रालय की प्रमुख पहल 'योग 365' की सफलता पर प्रकाश डाला। उन्होंने 100 दिन के निःशुल्क ऑनलाइन योग सत्र के सफल समापन का भी उल्लेख किया और बतायाकि 14 जून को राष्ट्रव्यापी लाइव योग सत्र में एकसाथ चार लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बना। प्रतापराव जाधव ने कहाकि संस्कृति मंत्रालय भारतभर के 100 प्रतिष्ठित स्थलों पर विशेष योग समारोहों का आयोजन कर रहा है, जो योग को देश की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन और सभ्यतागत पहचान से जोड़ रहे हैं। उन्होंने कहाकि कोलकाता और पूरे बंगाल से मिल रही उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया योग केप्रति लोगों के बढ़ते जुड़ाव को दर्शाती है।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 पर देशभर में विभिन्न जनसंपर्क पहलों पर प्रकाश डाला गया, जिनमें नई दिल्ली में 100 दिवसीय कार्यक्रम, महाराष्ट्र के लोनार में 75 दिवसीय कार्यक्रम, हैदराबाद के कान्हा शांति वनम में 50 दिवसीय उत्सव और खजुराहो में 25 दिवसीय कार्यक्रम शामिल हैं। एक अन्य प्रमुख आकर्षण ‘गंगोत्री से गंगासागर-गंगा तट योग यात्रा’ है, जो गंगोत्री, ऋषिकेश, हरिद्वार, प्रयागराज, वाराणसी, पटना, हुगली और गंगासागर को जोड़ती है और योग, पर्यावरण जागरुकता, नदी संस्कृति और जनभागीदारी को एकसाथ लाती है। प्रेस कॉंफ्रेंस में पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री शरदवत मुखोपाध्याय, पश्चिम बंगाल सरकार के मुख्य सचिव डॉ मनोज कुमार अग्रवाल और आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा भी उपस्थित थे। इससे पहले कोलकाता और पश्चिम बंगाल में कई कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है, जिनमें साइकिलिंग फॉर वेलनेस, स्कूलों और सरकारी कार्यालयों में योग, मानसिक स्वास्थ्य केलिए योग, महिलाओं के स्वास्थ्य केलिए योग, वरिष्ठ नागरिकों केलिए योग, कॉर्पोरेट योग और पुलिस, अग्निशमन सेवाओं और स्वास्थ्य संस्थानों केलिए योग कार्यक्रम प्रमुख हैं।
कोलकाता के ग्यारह स्थानों पर 19 जून को विशेष पहल दौड़ से ध्यान का आयोजन किया गया, इसके बाद 20 जून को हुगली नदी के किनारे वंदे योगम और पश्चिम बंगाल स्थापना दिवस मनाया जाएगा, जिसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कला प्रतियोगिताएं, फोटोग्राफी प्रतियोगिताएं और जनहित गतिविधियां होंगी। इसमें हुगली नदी पर 500 नावों में सामूहिक योग प्रदर्शन भी शामिल होंगे, जो योग और बंगाल की समृद्ध नदी विरासत को उजागर करेंगे। कोलकाता में योग थीम वाली रोशनी, विशेष पुलों की जगमगाहट और लगभग 3000 ड्रोनों केसाथ भव्य ड्रोन शो होगा, जो भारत की योग यात्रा को प्रदर्शित करेगा और महान योग गुरुओं को श्रद्धांजलि अर्पित करेगा। मुख्यमंत्री और आयुष राज्यमंत्री ने नागरिकों विशेषकर युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों से आग्रह कियाकि वे योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और समग्र कल्याण केलिए इसे आजीवन अभ्यास के रूपमें अपनाएं। नागरिकों को समारोहों में सक्रिय रूपसे भाग लेने और योग संगम पोर्टल पर अपने योग कार्यक्रमों को पंजीकृत करने केलिए भी प्रोत्साहित किया गया।