'परिजन बच्चों केसाथ खुलकर संवाद करने की संस्कृति विकसित करें'
'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' का शुभारंभस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Monday 3 August 2026 12:36:38 PM
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ करते हुए आह्वान किया हैकि देश के युवा शारीरिक और मानसिक रूपसे स्वस्थ रहें, आत्मविश्वास से परिपूर्ण हों और नशीले पदार्थों जैसी विनाशकारी आदतों से हमेशा दूर रहें। राष्ट्रव्यापी वीडियो कॉंफ्रेंस से जुड़े एक करोड़ से अधिक युवाओं की विविध सभाओं में प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कियाकि यह अभियान केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य तकही सीमित नहीं है, बल्कि परिवारों, समाज और राष्ट्र के व्यापक हितों की भी पूर्ति करता है। उन्होंने कहाकि विकसित भारत केलिए शारीरिक रूपसे स्वस्थ, मानसिक रूपसे सशक्त और आत्मविश्वास से भरपूर युवा पीढ़ी का होना अनिवार्य है। प्रधानमंत्री ने कहाकि यह पहल बीते वर्ष काशी से एक प्रायोगिक परियोजना के रूपमें की गई थी। उन्होंने इसको संचालित करने वाली वैज्ञानिक स्पष्टता, आध्यात्मिक ऊर्जा और गहन सांस्कृतिक समर्पण के अनूठे मिश्रण का उल्लेख किया। नरेंद्र मोदी ने कहाकि काशी घोषणा केतहत 125 से अधिक आध्यात्मिक संगठनों और कई गैर सरकारी संगठनों के समर्थन से कल्याणकारी यह विचार अब सफलतापूर्वक एक राष्ट्रीय परियोजना बन गया है।
नशा विरोधी शपथ लेने वाले लाखों युवाओं की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने व्यक्तिगत संयम बनाए रखने और स्कूलों, कॉलेजों और समुदायों में नशामुक्त जीवन का संदेश सक्रिय रूपसे फैलाने के उनके दृढ़ संकल्प की प्रशंसा की। अभियान के महत्वाकांक्षी 100-सप्ताह के रोडमैप की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए उन्होंने बतायाकि कैसे प्रत्येक आगामी रविवार को कला, संस्कृति, खेल और ध्यान से संबंधित विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि नए प्रतिभागियों को लगातार जोड़ा जा सके। नरेंद्र मोदी ने कहाकि आगामी 100 रविवार पूरी तरह से नशामुक्त भारत की दिशा में 100 मजबूत कदम साबित होंगे। प्रधानमंत्री ने युवा पीढ़ी को भारत की ‘अमृत पीढ़ी’ बताते हुए उन्हें याद दिलाया कि उनकी ऊर्जा, कल्पनाशीलता और प्रतिभा देश को 2047 के विकास लक्ष्यों की ओर लेजाने केलिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। नरेंद्र मोदी ने युवाओं से कहाकि देश के भविष्य और उनके अपने जीवन केलिए व्यसन से मुक्त रहना अत्यंत आवश्यक है। स्टार्टअप, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, खेल और अंतरिक्ष अन्वेषण के क्षेत्रमें युवाओं की शानदार उपलब्धियों की तुलना नशीले पदार्थों के सेवन के विनाशकारी प्रभावों से करते हुए प्रधानमंत्री ने कड़ी चेतावनी दीकि व्यसन एकाग्रता को भंग करता है और सपनों को चकनाचूर कर देता है एवं माता-पिता से लेकर बुजुर्गों केलिए दैनिक पीड़ा का कारण बनने तक परिवारों पर पड़ने वाले गहरे दुष्परिणामों से रू-ब-रू कराया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहाकि नशीले पदार्थों से मिलने वाला क्षणिक आनंद अंततः करियर और पारिवारिक जीवन केलिए स्थायी पतन का कारण बनता है। भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक नेताओं के गहन ज्ञान विशेष रूपसे श्रीगुरु ग्रंथ साहिब की शिक्षाओं का हवाला देते हुए उन्होंने नशीले पदार्थों केप्रति समाज की ऐतिहासिक अस्वीकृति को उजागर किया। प्रधानमंत्री ने नशे से उबरने केलिए उपलब्ध व्यापक सहायता प्रणालियों का वर्णन करते हुए व्यसन पर काबू पाने में सामाजिक सहयोग, योग, ध्यान और आधुनिक पुनर्वास केंद्रों की प्रभावशीलता पर प्रकाश डाला। उन्होंने परिवारों से सामाजिक प्रतिष्ठा संबंधी गलत चिंताओं के बजाय चिकित्सा हस्तक्षेप को प्राथमिकता देने का आग्रह किया और संवेदनशील बच्चों को इस जाल में फंसने से बचाने केलिए खुले घरेलू संवाद की संस्कृति को बढ़ावा दिया। नरेंद्र मोदी ने कहाकि यदि कोई युवा अनजाने में व्यसन में पड़ गया है तो इसका यह अर्थ बिल्कुल नहीं हैकि उसके सभी रास्ते हमेशा केलिए बंद हो गए हैं। प्रधानमंत्री ने कॉलेज और विश्वविद्यालय के प्रोफेसरों से आग्रह कियाकि वे नशीले पदार्थों के खतरों पर चर्चा को अपने नियमित पाठ्यक्रम में शामिल करें और अपने परिसरों में नशाविरोधी अभियान चलाएं।
नशे की लत से उबर रहे लोगों पर ध्यान केंद्रित करते हुए उन्होंने इनके लिए सामाजिक सम्मान और दूसरा मौका देने का आह्वान किया और उनके अतीत से जुड़ी बुराई को पूरी तरह से खारिज कर दिया। नरेंद्र मोदी ने कहाकि नशे की लत से लड़कर बाहर आनेवाले युवा कमजोर नहीं हैं, वे असली योद्धा हैं, जिनका अविश्वसनीय साहस ही उनकी सच्ची पहचान है। प्रधानमंत्री ने युवाओं को आश्वस्त कियाकि सरकार इस महत्वपूर्ण लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने अभूतपूर्व राष्ट्रव्यापी कार्रवाई, हजारों करोड़ रुपये की भारी मात्रा में ज़ब्ती और नशीले पदार्थों के डीलरों और तस्करों को निशाना बनाकर की गई गिरफ्तारियों की बढ़ती दर का हवाला दिया। युवा पीढ़ी के लचीलेपन पर अटूट विश्वास व्यक्त करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय पहल की अत्यधिक सफलता की भविष्यवाणी की। नरेंद्र मोदी ने कहाकि उन्हें विश्वास हैकि युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा बचाएंगे और विकसित भारत बनाएंगे।