स्वतंत्र आवाज़
word map

पर्यटन मंत्रालय और एयर इंडिया में समझौता

'इंक्रेडिबल इंडिया' ब्रांड को वैश्विक पर्यटन केंद्र के रूपमें बढ़ावा

देश-विदेश के पर्यटकों को मिलेगा और सुगम अनुभव-पर्यटन मंत्री

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 28 July 2026 01:00:58 PM

agreement between the ministry of tourism and air india

नई दिल्ली। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय और एयर इंडिया लिमिटेड ने एक समझौता किया है, जिसका उद्देश्य 'इंक्रेडिबल इंडिया' ब्रांड केतहत भारत को एक पसंदीदा वैश्विक पर्यटन केंद्र के रूपमें बढ़ावा देने वाला एक रणनीतिक ढांचा स्थापित करना है। यह साझेदारी गैर-व्यावसायिक, गैर-बाध्यकारी और गैर-विशिष्ट है, जिसमें किसीभी पक्ष पर कोई वित्तीय प्रतिबद्धता नहीं है। पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहाकि इस साझेदारी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना हैकि एयर इंडिया की उड़ानों से भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों को देश के विविध पर्यटन स्थलों के बारेमें जानकारी मिले और उन्हें अपनी यात्रा के दौरान भारत को बेहतर ढंग से जानने के अधिक अवसर प्राप्त हों। उन्होंने कहाकि इस प्रकार की पहल भारतीय पर्यटन को नई गति प्रदान करेगी और आगंतुकों को एक सुगम व निर्बाध यात्रा का अनुभव कराएगी।
पर्यटन मंत्रालय और एयर इंडिया भारत को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूपमें बढ़ावा देने और अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या बढ़ाने में योगदान देने के अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म, वैश्विक नेटवर्क और पहुंच क्षमताओं का लाभ उठाएंगे। सहयोग केतहत पर्यटन मंत्रालय और एयर इंडिया 'इंक्रेडिबल इंडिया' ब्रांड के अंतर्गत संयुक्त वैश्विक प्रचार अभियान चलाएंगे और डिजिटल व ऑफलाइन प्लेटफॉर्मों पर सह-ब्रांडेड मार्केटिंग और डेस्टिनेशन स्टोरीटेलिंग के तरीकों पर काम करेंगे। एयर इंडिया और पर्यटन मंत्रालय में साझेदारी से अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों केलिए संयुक्त रूपसे विजिट इंडिया पास शुरू करने केसाथ ट्रांजिट टूरिज्म को बढ़ावा देने और भारत से होकर गुजरने वाले यात्रियों को देश के पर्यटन स्थलों का अनुभव करने केलिए प्रोत्साहित करने हेतु स्टॉपओवर पहल की परिकल्पना की गई है। दोनों संगठन अंतर्राष्ट्रीय यात्रा मेलों, रोड शो, परिचयात्मक दौरों और व्यापारिक आयोजनों में भी संयुक्त रूपसे भाग लेंगे। पर्यटन मंत्रालय और एयर इंडिया देशभर के पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने केलिए राज्य पर्यटन बोर्डों और पर्यटन हितधारकों केसाथ काम करेंगे।
एयर इंडिया और पर्यटन मंत्रालय व्यवहार्यता और आपसी सहमति के अधीन, विमान की बाहरी सजावट, बोर्डिंग पास और उड़ान के दौरान मीडिया सहित एयर इंडिया प्लेटफार्मों पर ब्रांडिंग के अवसरों का भी पता लगाएंगे। पर्यटन मंत्रालय और एयर इंडिया के प्रतिनिधियों का संयुक्त कार्यसमूह समझौता ज्ञापन के कार्यांवयन की देखरेख करेगा। समझौता ज्ञापन में किसीभी पक्ष पर कोई वित्तीय प्रतिबद्धता नहीं है। प्रत्येक संगठन अपने-अपने खर्च वहन करेगा, जबकि विशिष्ट सहयोगात्मक पहलों को आवश्यकतानुसार अलग-अलग स्वीकृतियों और व्यवस्थाओं से क्रियांवित किया जाएगा। यह समझौता ज्ञापन प्रभावी तिथि से प्रारंभ में दो वर्ष की अवधि केलिए वैध रहेगा और दोनों पक्षों की आपसी सहमति से इसे एक अतिरिक्त वर्ष केलिए बढ़ाया जा सकता है। समझौते के दौरान केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, पर्यटन मंत्रालय के सचिव भुवनेश कुमार, अपर सचिव एवं महानिदेशक (पर्यटन) सुमन बिल्ला, संयुक्त सचिव हरिकिशोर एस, एयर इंडिया के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी निपुण अग्रवाल और एयर इंडिया के ग्रुप हेड (शासन, जोखिम, अनुपालन एवं कंपनी मामले) पी बालाजी, पर्यटन मंत्रालय और एयर इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। 

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]