स्वतंत्र आवाज़
word map

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार-2025 की घोषणा

विभिन्न श्रेणियों में खिलाड़ी प्रशिक्षक और संस्थाएं पुरस्कृत

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रतिवर्ष खेलों में उत्कृष्टता की पहचान

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 18 August 2026 07:03:09 PM

national sports awards 2025 (file photo)

नई दिल्ली। केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कार-2025 की घोषणा कर दी है। राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रतिवर्ष खेलों में उत्कृष्टता की पहचान और पुरस्कृत करने केलिए दिए जाते हैं। केंद्र सरकार ने भारत के उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्र की अध्यक्षता वाली चयन समिति की अनुशंसाओं के आधार पर विभिन्न श्रेणियों के अंतर्गत खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और संस्थाओं को ये पुरस्कार प्रदान करने का निर्णय लिया है। खेलों और स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन केलिए अर्जुन पुरस्कार-2025 बीते चार वर्ष की अवधि में अच्छे प्रदर्शन और नेतृत्व, खेल भावना और अनुशासन की भावना केलिए दिया जाता है। अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) उन खिलाड़ियों को सम्मानित और प्रेरित करने केलिए दिया जाता है, जिन्होंने अपने प्रदर्शन से खेलों में योगदान दिया है और सक्रिय खेल करियर से सेवानिवृत्ति केबाद भी खेलों को बढ़ावा देने में योगदान देना जारी रखते हैं। अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) पाने वाले हैं-फुटबॉलर खिलाड़ी आई अरुमइनायागम।
अर्जुन पुरस्कार पाने वाले हैं-एथलेटिक्स तेजस्विन शंकर, एथलेटिक्स मुहम्मद अजमल वी, एथलेटिक्स प्रियंका गोस्वामी, एथलेटिक्स त्रिशा जॉली, बैडमिंटन खिलाड़ी पुल्लेला गायत्री गोपीचंद, मुक्‍केबाज़ नरेंद्र, शतरंज खिलाड़ी विदित संतोष गुजराती और दिव्या जितेंद्र देशमुख, बधिर निशानेबाज धनुष श्रीकांत, हॉकी खिलाड़ी लालरेमसियामी और राजकुमार पाल, कबड्डी खिलाड़ी सुरजीत और पूजा, पारा-शूटिंग खिलाड़ी रुद्रांश खंडेलवाल, पारा-एथलेटिक्स खिलाड़ी एकता भायन, नौकायन खिलाड़ी अरविंद सिंह और निशानेबाज अखिल श्योरान। द्रोणाचार्य पुरस्कार प्रशिक्षकों को लगातार उत्कृष्ट, सराहनीय कार्य और खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने में सक्षम बनाने केलिए दिया जाता है। नियमित श्रेणी में द्रोणाचार्य पुरस्कार पाने वालों में हैं-एथलेटिक्स परवीर सिंह, मुक्केबाज खिलाड़ी छोटे लाल यादव, निशानेबाज नेहा नंदकुमार चव्हाण।
लाइफटाइम श्रेणी में हैं-मुक्केबाज धर्मेंद्र सिंह यादव, कुश्ती खिलाड़ी वीरेंदर कुमार। राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार कॉर्पोरेट इकाई (सार्वजनिक/ निजी), गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) को दिया जाता है, जिन्होंने खेल को बढ़ावा देने और विकास में स्पष्ट भूमिका निभाई है। राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार पाने वाली कॉर्पोरेट इकाई है-आर्मी पैरालंपिक नोड पुणे। गौरतलब हैकि राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों केलिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे और खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, संस्थाओं को समर्पित ऑनलाइन पोर्टल पर स्व आवेदन करने की अनुमति दी गई थी। इस वर्ष इन पुरस्कारों केलिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनपर चयन समिति ने विचार किया। इसमें प्रख्यात खिलाड़ी, खेल पत्रकारिता में अनुभव रखने वाले व्यक्ति और खेल प्रशासक शामिल थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]