लड़ाकू विमान से उड़ान भरने वाली मुर्मू भारत की पहली राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश की प्रतिरक्षा क्षमताओं पर गर्व जतायास्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Wednesday 29 October 2025 02:01:51 PM
अंबाला (हरियाणा)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज वायुसेना स्टेशन अंबाला से शक्तिशाली राफेल विमान में रोमांचित उड़ान भरी। राष्ट्रपति भारतीय सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर हैं। वह भारतीय वायुसेना के दो लड़ाकू विमानों में उड़ान भरने वाली भारत की पहली राष्ट्रपति हैं, इससे पहले उन्होंने 2023 में सुखोई 30 एमकेआई में उड़ान भरी थी। गौरतलब हैकि अंबाला वायुसेना स्टेशन पहला वायुसेना स्टेशन है, जहां फ्रांस के डसॉल्ट एविएशन फैसिलिटी से राफेल विमान पहुंचे थे। उन्होंने लगभग 30 मिनट तक राफेल में उड़ान भरी और लगभग 200 किलोमीटर की दूरी तय की। राफेल विमान को 17 स्क्वाड्रन के कमांडिंग ऑफिसर ग्रुप कैप्टन अमित गेहानी ने उड़ाया। विमान ने समुद्र तल से लगभग 15000 फीट की ऊंचाई पर और लगभग 700 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से उड़ान भरी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आगंतुक पुस्तिका में एक संक्षिप्त नोट लिखकर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं, जिसमें उन्होंने कहाकि भारतीय वायुसेना के राफेल विमान पर अपनी पहली उड़ान केलिए वायुसेना स्टेशन अंबाला आकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता है। उन्होंने कहाकि राफेल पर उड़ान मेरे लिए एक अविस्मरणीय अनुभव है, शक्तिशाली राफेल विमान पर इस पहली उड़ान ने मुझमें राष्ट्र की रक्षा क्षमताओं केप्रति गर्व की एक नई भावना भर दी है। द्रौपदी मुर्मू ने इस उड़ान आयोजन केलिए भारतीय वायुसेना और वायुसेना स्टेशन अंबाला की पूरी टीम को बधाई दी। राष्ट्रपति को इस अवसर पर राफेल और भारतीय वायुसेना की परिचालन क्षमताओं के बारेमें भी जानकारी दी गई।