स्वतंत्र आवाज़
word map

महा कुंभ में परिवहन निगम की 6 हज़ार बसें

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 04 February 2013 06:11:42 AM

upsrtc

इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने महा कुंभ में आने-जाने के लिए लगभग 6 हजार बसों का विशेष प्रबंध किया है। परिवहन निगम ने विगत दो मुख्य स्नान पर्वों मकर संक्रांति एवं पौष पूर्णिमा पर भी बड़ी संख्या में तीर्थ यात्रियों के अवागमन को देखते हुए परिवहन की व्यापक सुविधा उपलब्ध कराई थी। आगामी मुख्य स्नान पर्वों मौनी अमावस्या एवं वसंत पंचमी को श्रद्धालुओं/स्नानार्थियों के लिए फिर से लगभग 6 हजार बसें लगाई हैं।
एआरएम रोडवेज केके तिवारी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए 5 स्थानों पर अस्थाई बस स्टेशनों का निर्माण किया गया है तथा कुंभ मेले के लिए 4 हजार बसों के संचालन के साथ लगभग 2 हजार बसें रिज़र्व में रखी गई हैं जिनका उपयोग आवश्यकता पड़ने पर किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए अस्थाई बस स्टेशनों का निर्माण किया गया है, इनमें झूंसी अस्थाई बस स्टेशन से जौनपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, देवरिया, खजनी, उरूवा, शाहगंज, बदलापुर, कमरियाघाट, पदुमपुर, वाराणसी, भदोही आदि स्थानों के लिए 2175 बसों का संचालन किया जा रहा है। केपी कालेज ग्राउंड अस्थाई बस स्टेशन से सैनी, फतेहपुर, कानपुर, आगरा, मथुरा, फरूर्खाबाद, बरेली, हल्द्वानी, इटावा, अलीगढ़, महेवाघाट, सराय आकिल, धाता, बबेरू आदि स्थानों के लिए 740 बसों का संचालन किया जा रहा है।
कृषि संस्थान अस्थाई बस स्टेशन से मानिकपुर, चित्रकूट महोबा, बांदा, हमीरपुर, नरैनी, चाकघाट, रीवा, आदि स्थानों के लिए 295 बसों का संचालन किया जा रहा है। अरैल अस्थाई बस स्टेशन से मिर्जापुर, विंध्याचल, सोनभद्र, रावर्ट्सगंज, बीजपुर, शक्तिनगर, कोटा, अनपरा, हनुमना, कोराव, बड़ोखर आदि स्थानों के लिए 115 बसों का संचालन किया जा रहा है। वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर फाफामऊ अस्थाई बस स्टेशन का निर्माण किया गया है, जिसका उपयोग केपी कालेज ग्राउंड अस्थाई बस स्टेशन व सिविल लाइंस बस स्टेशन से संचालन प्रभावित होने पर किया जाएगा।
एआरएम ने बताया कि इस व्यवस्था के अलावा सिविल लाइंस बस स्टेशन से प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, फैजाबाद, गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, उतरौला, बस्ती, मेहदावल, खलीलाबाद, लखनऊ, हरदोई, सीतापुर व शाहजहांपुर आदि स्थानों के लिए 675 बसों का संचालन किया जा रहा है। निकटवर्ती तीर्थ स्थलों को जाने वाले यात्रियों हेतु चित्रकूट के लिए 190 बसों, विंध्याचल के लिए 135 अरैल, वाराणसी सारनाथ के लिए 100, झूंसी एवं अयोध्या के लिए 235 बसों की सिविल लाइंस बस स्टेशन से अतिरिक्त व्यवस्था की गई है।
सभी बस स्टेशनों पर क्लार्क रूम, पेय जल व्यवस्था, कंप्यूटरीकृत व्यवस्था पूछताछ व्यवस्था, कैंटीन, यात्री प्रतीक्षालय, अलाव आदि सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्धकराने का दावा किया गया है। इसके अतिरिक्त एनसीसी व भारत स्काउट के सदस्य यात्री गाइड के रूप में, खोया पाया बूथ, प्राथमिक चिकित्सा शिविर एंबूलेंस व्यवस्था, अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था, पुलिस थाना, चौकी, सुरक्षाकर्मी यात्रियों को मार्गदर्शन हेतु पहचान चिन्ह तथा उद्घोषण की व्यवस्था पर्यटन विभाग के वायरलेस सूचना केंद्र आदि से है। इसके अतिरिक्त सभी मार्गों पर चेकपोस्ट, ब्रेकडाउन सहायता दल, मोबाइल चेकिंग आदि की व्यवस्था की गई है। प्रमुख स्नान पर्वों पर शहर में 3 मार्गों पर शटल बसों का संचालन किया जाएगा।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]