प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की अनगिनत उपलब्धियां गिनाईं
प्रवासी भारतीयों के अनन्य प्रेमभाव पर आभार व्यक्त कियास्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Thursday 18 December 2025 03:13:04 PM
मस्कट/ नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ओमान की राजधानी मस्कट में भारतवंशियों केसाथ भारत की अनगिनत उपलब्धियों की बात की। प्रधानमंत्री ने भारत में रहने वाले परिवारों और मित्रों की ओर से मस्कट में भारतीय समुदाय को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने स्वागत सम्मान में प्रवासी भारतीयों के अनन्य प्रेमभाव केलिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहाकि ओमान में बसे भारत के विभिन्न हिस्सों के लोगों से मिलकर उन्हें बहुत खुशी हुई है। उन्होंने भारतीय प्रवासी और छात्रों के मैत्री पर्व को संबोधित करते हुए कहाकि विविधता भारतीय संस्कृति की नींव है, एक ऐसा मूल्य जो उन्हें किसीभी समाज में घुलमिल जाने में मदद करता है। ओमान में भारतीय स्कूलों केलिए यह मैत्री वर्ष विशेष महत्व रखता है, क्योंकि वे देश में अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहे हैं।
ओमान में भारतीय समुदाय केप्रति सम्मान का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहाकि सह अस्तित्व और सहयोग भारतीय प्रवासी समुदाय की पहचान रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहाकि भारत और ओमान केबीच मांडवी से लेकर मस्कट तक सदियों पुराने संबंध हैं, जिन्हें आज प्रवासी समुदाय कड़ी मेहनत और एकजुटता के जरिए पोषित कर रहा है। उन्होंने 'भारत को जानिए' प्रश्नोत्तरी में बड़ी संख्या में भाग लेनेवाले समुदाय की सराहना की। भारत ओमान संबंधों के केंद्र में ज्ञान की भूमिका पर जोर देते हुए उन्होंने ओमान में भारतीय स्कूलों के 50 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय के कल्याण केलिए ओमान के सुल्तान और प्रधानमंत्री सुल्तान हैथम बिन तारिक अल सईद के समर्थन केलिए उनका आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने भारत की परिवर्तनकारी वृद्धि, परिवर्तन की गति और व्यापकता और पिछली तिमाही में 8 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि से परिलक्षित अर्थव्यवस्था की मजबूती के बारेमें बात की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन 11 वर्ष में भारत सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहाकि बुनियादी ढांचा विकास, विनिर्माण, स्वास्थ्य सेवा, हरित विकास और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्रोंमें देशमें परिवर्तनकारी बदलाव हुए हैं। उन्होंने कहाकि भारत विश्वस्तरीय नवाचार, स्टार्टअप और डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करके 21वीं सदी केलिए खुदको तैयार कर रहा है। प्रधानमंत्री ने कहाकि भारत की यूपीआई (जो वैश्विक स्तरपर किए गए सभी डिजिटल भुगतानों का लगभग 50% हिस्सा है) गर्व और उपलब्धि का विषय है। उन्होंने चंद्रमा पर उतरने से लेकर नियोजित गगनयान मानव अंतरिक्ष मिशन तक अंतरिक्ष क्षेत्रमें भारत की हालिया शानदार उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने यह भी उल्लेख कियाकि अंतरिक्ष भारत और ओमान केबीच सहयोग का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और उन्होंने छात्रों को इसरो के युवा कार्यक्रम में भाग लेने केलिए आमंत्रित किया, जो युवाओं केलिए बनाया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहाकि भारत केवल एक बाजार नहीं है, बल्कि वस्तुओं और सेवाओं से लेकर डिजिटल समाधानों तक दुनिया केलिए एक आदर्श है। प्रधानमंत्री ने प्रवासी भारतीयों के कल्याण केप्रति भारत की गहरी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहाकि जबभी और जहां भी हमारे लोगों को मदद की जरूरत होगी भारत सरकार उनकी सहायता केलिए तत्पर रहेगी। प्रधानमंत्री ने कहाकि कृत्रिम बुद्धिमत्ता के सहयोग, डिजिटल शिक्षा, नवाचार साझेदारी और उद्यमिता आदान प्रदान से भारत ओमान साझेदारी भविष्य केलिए तैयार हो रही है। उन्होंने युवाओं से बड़े सपने देखने, गहन ज्ञान प्राप्त करने और साहसिक नवाचार करने का आह्वान किया, ताकि वे मानवता केलिए सार्थक योगदान दे सकें।