स्वतंत्र आवाज़
word map

तमिल छात्र समूह श्रीराम मंदिर का दर्शनकर भावविभोर

अयोध्या में सांस्कृतिक आदान प्रदान व आध्यात्मिक एकता का नया अध्याय

काशी तमिल संगमम् 4.0 के तहत तमिलनाडु के कोने-कोने से आए छात्र

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 5 December 2025 03:38:24 PM

tamil student group moved after visiting shri ram temple

अयोध्या। तमिलनाडु के कोने-कोने से काशी तमिल संगमम् 4.0 के अंतर्गत आए छात्र समूह अयोध्या धाम में सांस्कृतिक आदान प्रदान और आध्यात्मिक एकता के एक नए अध्याय के साक्षी बने। छात्र समूह आज प्रातः श्रीराम मंदिर धाम पहुंचा तो उनकी खुशी और उत्साह पूरे परिसर में जय श्रीराम के उद्घोष में गूंज उठा। यह पल उत्तर और दक्षिण भारत की भक्ति परंपराओं के अद्भुत मिलन का प्रतीक बन गया, जहां क्षेत्रीय भेद को भुलाकर सभी ने एकही आराध्य केप्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। इस उल्लेखनीय अवसर ने तमिल प्रतिनिधियों के आगमन को एक उत्सव का रूप दे दिया। भगवान श्रीरामलला के प्रथम दिव्य दर्शन ने सभी छात्रों को भावविभोर कर दिया। विद्यार्थियों ने बड़े अनुशासन और पूर्णश्रद्धा केसाथ पूजन अर्चन किया।
तमिल छात्र समूह ने भव्य श्रीराम दरबार का अवलोकन किया, जहां भारतीय वास्तुकला की उत्कृष्ट कलाकृति देखने को मिली। इसके पश्चात वे शक्ति और भक्ति के प्रतीक श्रीहनुमान गढ़ी गए। हनुमानजी के पावन दरबार में छात्रों ने पूरी भक्ति भावना से प्रार्थना की और इस प्राचीन धाम की गहन आध्यात्मिक ऊर्जा को करीब से महसूस किया, जिसने उनकी यात्रा को औरभी अर्थपूर्ण बना दिया। छात्र समूह ने ऐतिहासिक राम की पैड़ी का भ्रमण किया, सरयू नदी के शांत और पवित्र तट पर उन्होंने इस प्राचीन धरा के नैसर्गिक सौंदर्य को निहारा। सरयू की हल्की तरंगें और शांत वातावरण ने सभी के मन को मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्रों ने अपनी इस आध्यात्मिक यात्रा के अनुभवों को साझा करते हुए कहाकि यह उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक रही।
तमिल छात्र समूह को पहलीबार उत्तर भारत की आस्था, परंपरा और भक्ति की विराट संस्कृति को प्रत्यक्ष रूपसे जानने और महसूस करने का अवसर मिला। उनका मानना हैकि अयोध्या दर्शन ने उनकी स्मृतियों में जीवनभर केलिए एक अमिट और सकारात्मक छाप छोड़ दी है। काशी तमिल संगमम् 4.0 का यह विशेष कार्यक्रम ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को दृढ़ता से पोषित कर रहा है। उत्तर और दक्षिण भारत केबीच परंपराओं की साझेदारी और आपसी संबंधों का यह सेतु नई पीढ़ी को देश की महान विरासत और सांस्कृतिक समरसता से मजबूती से जोड़ रहा है, जिससे राष्ट्रीय एकता का संदेश पूरे देशमें प्रवाहित हो रहा है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]