स्वतंत्र आवाज़
word map

राष्ट्रपति ने देखा पारंपरिक भारतीय कला कौशल

झारखंड ओडिशा पश्चिम बंगाल के कलाकारों ने दिखाईं कलाकृतियां

राष्ट्रपति भवन में कला उत्सव 2025-'आवासीय कलाकार कार्यक्रम'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 24 July 2025 06:44:58 PM

president saw traditional indian art skills

नई दिल्ली। झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कलाकारों के एक समूह ने आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को देश के पारंपरिक एवं रचनात्मक कलाकौशल से मोहित कर दिया। गौरतलब हैकि सोहराय, पट्टचित्र और पटुआ कला के 29 कलाकार 14 से 24 जुलाई 2025 तक राष्ट्रपति भवन में आयोजित कला उत्सव 2025-'आवासीय कलाकार कार्यक्रम' के दूसरे संस्करण में भाग ले रहे थे। कला उत्सव भारत की कलात्मक परंपराओं की भावना का उत्सव है, यह सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने और भावी पीढ़ियों को प्रेरित करने में जीवंत कला परंपराओं की महत्वपूर्ण भूमिका की पुनः पुष्टि करता है।
राष्ट्रपति भवन में हुए कला उत्सव ने पीढ़ियों से कला के विविध रूपों को जारी रखने वाले लोक, आदिवासी और पारंपरिक कलाकारों को भी एक मंच प्रदान किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कलाकारों द्वारा उनके आवासीय कार्यक्रम के दौरान बनाई गई कला प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उन्हें सराहा एवं उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने भारत के महत्वपूर्ण पारंपरिक कला रूपों में उनके अनुकरणीय योगदान की प्रशंसा की और उनके भावी कलात्मक प्रयासों में सफलता केलिए शुभकामनाएं भी कीं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]