प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित दुनियाभर के दिग्गजों की श्रद्धांजलि
हर एक ने नम आंखों से संगीत के एक युग को दी अंतिम विदाईस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Sunday 6 February 2022 07:35:48 PM
मुंबई। भारत रत्न स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर आज शाम 7:20 बजे मुंबई के छत्रपति महाराज शिवाजी पार्क में बड़ी संख्या में मौजूद अपने चाहने वालों के सामने पंचतत्व में विलीन हो गईं। उनका राष्ट्रीय और राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार किया गया। लता मंगेशकर के भाई हृदयनाथ मंगेशकर और उनके भतीजे आदिनाथ मंगेशकर ने उनका संयुक्त रूपसे दाह संस्कार किया। लता मंगेशकर का आज सवेरे कोरोना संक्रमण जारी रहने के कारण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया था। लता मंगेशकर के दाह संस्कार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और फिल्म और संगीत खेल राजनीतिक एवं सामाजिक जगत के अनेक दिग्गज मौजूद थे। प्रधानमंत्री ने लता मंगेशकर को पुष्पचक्र अर्पित करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। लता मंगेशकर ने अपनी उम्र के 92 साल जिए, जिनमें अस्सी साल उनकी गायिकी की शोहरत और सफलताओं के शामिल हैं।
आज सुबह से ही लता मंगेशकर के दो प्रसिद्ध गीत जहां-तहां, दाह संस्कार कार्यक्रम के दौरान और टीवी चैनलों पर गूंज रहे थे-'ऐ मेरे वतन के लोगों जरा आंख में भर लो पानी, जो शहीद हुए हैं उनकी याद करो कुर्बानी' और 'नाम गुम जाएगा चेहरा ये बदल जाएगा, मेरी आवाज़ ही पहचान है गर याद रहे'। दाह संस्कार में विदेशों से भी उनके चाहनेवाले दिग्गज पहुंचे। भारतीय सेना के सुसज्जित ट्रक से तिरंगे में लिपटा लता मंगेशकर का पार्थिव शरीर शिवाजी पार्क पहुंचा और वहां उन्हें सैन्यबलों ने सशस्त्र सलामी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहुत गमगीन दिखे और उन्होंने लता मंगेशकर के देहांत को फिल्म संगीत जगत देश और अपनी निजी क्षति बताया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस, राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, एनसीपी नेता शरद पंवार, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, महाराष्ट्र के मंत्री आदित्य ठाकरे, राज ठाकरे, फिल्म अभिनेता अनुपम खेर, शाहरुख खान, आमिर खान, रणबीर कपूर, गुलजार, जावेद अख्तर, संगीत प्रेमी, गायक-गायिकाएं, जानेमाने संगीतकार, गीतकार लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि देने केलिए मौजूद थे।
लता मंगेशकर अपनी बहिन ऊषा मंगेशकर और भाई हृदयनाथ मंगेशकर के साथ रहा करती थीं। लता मंगेशकर का पार्थिव शरीर जब साउथ मुंबई में उनके निवास प्रभुकुंज लाया गया तो वहां जन सैलाब उमड़ पड़ा। सड़क के दोनों ओर खड़े लोग उन्हें अश्रुपूरित श्रद्धांजलि दे रहे थे। ब्रीच कैंडी अस्पताल मुंबई के लता मंगेशकर के चिकित्सक भी वहां मौजूद थे। लता मंगेशकर के मुख्य चिकित्सक डॉक्टर प्रतीक समदानी बता रहे थेकि कोरोना संक्रमण के बाद उन्हें इस साल आठ जनवरी को अस्पताल भर्ती किया गया था और निमोनिया पाए जाने पर आईसीयू में रखा गया था। उन्होंने बतायाकि उनकी तबियत में सुधार हुआ था, मगर शनिवार को फिर उनकी हालत बिगड़ गई, बहुत कोशिशें की गईं, मगर रविवार की सुबह सवा आठ बजे उनका निधन हो गया। लता मंगेशकर के निधन की सूचना पाकर उनके आवास पर मुख्य लोगों में मधुर भंडारकर, अमिताभ बच्चन, अनुपम खेर, सायरा बानो, श्रद्धा कपूर पहुंचीं। संस्कार स्थल शिवाजी पार्क और सड़कों पर बहुत से लोग तिरंगा भी लिए खड़े थे और नारे लगा रहे थेकि जबतक सूरज चाँद रहेगा लता तेरा नाम रहेगा।
प्रख्यात गीतकार संतोष आनंद दाह संस्कार पर उपस्थित नहीं हो सके थे, मगर उन्होंने मीडिया के सामने उन्हें संस्मरण में याद कर-करके अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की। गौरतलब हैकि लता मंगेशकर ने संतोष आनंद का फिल्म पूरब-पश्चिम केलिए लिखा पहला विख्यात गीत पुरवा सुहानी आई रे आई पुरवा गाया था। शत्रुघ्न सिन्हा ने लता मंगेशकर को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। सभी अपने-अपने तरीके से उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। पश्चिम बंगाल में पंद्रह दिन तक सार्वजनिक स्थानों और यातायात सिग्नल्स पर लता मंगेशकर के गाने बजते रहेंगे। लता मंगेशकर ने विभिन्न भाषाओं में हजारों गीत गाए हैं और लोकप्रिय हुए हैं। उनके गाए गीत और भजन पूजा घरों और स्कूलों में प्रार्थना बने हैं। बाल्यकाल से लेकर मनुष्य के जीवन का प्रत्येक पक्ष उनके गायन में शामिल है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ को समर्पित यह गीत उन्होंने फिल्म कभी-कभी में गाया था-मेरे घर आई एक नन्हीं परी जो आज भी और कल भी बेटी के सुखद जीवन केलिए प्रेरणा देता रहेगा। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान का ट्वीट आया कि इस उपमहाद्वीप ने सबसे बेहतरीन गायकों मेंसे एक को खो दिया है। अपने-अपने शब्दों और अंदाज में लता मंगेशकर के प्रति शोक और संवेदनाएं प्रकट करने वालों का सोशल मीडिया और मीडिया चैनलों पर तांता लगा है। मुंबई और दूसरे प्रदेशों के सांध्य समाचार पत्रों ने लता मंगेशकर पर विशेष संस्करण प्रस्तुत किए हैं।