स्वतंत्र आवाज़
word map

सहारा इंडिया में 101 जोड़ों का सामूहिक विवाह

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 06 February 2013 07:42:39 AM

god bless by chhabi Roy

लखनऊ। सहारा इंडिया परिवार ने बुधवार को सहारा शहर लखनऊ में अपने वार्षिक ‘सामूहिक विवाह समारोह’ के अंतर्गत समाज की आर्थिक रूप से कमजोर विभिन्न धर्मों की 101 कन्याओं का एक ही स्थान पर धूमधाम से विवाह कराया। इस वर्ष यहां 90 हिंदू, 4 मुस्लिम, 4 सिख और 3 ईसाई जोड़ों का पवित्र दाम्पत्य गठबंधन हुआ। सहारा शहर में सामूहिक विवाह समारोह वर्ष 2004 से आयोजित किया जा रहा है, यह उसका लगातार दसवां साल है। अभी तक 1010 जोड़ों को पवित्र दाम्पत्य आशीर्वाद दिया जा चुका है।
सहारा इंडिया उन वर-वधु के परिवारों से आवेदन आमंत्रित करता है, जो विवाह का खर्चा स्वयं वहन नहीं कर सकते। जांच-पड़ताल की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात आवेदकों को समारोह में सम्मिलित किया जाता है। उल्लेखनीय है कि सभी प्रकार की वैवाहिक व्यवस्थाओं जैसे रिश्तेदारों के लिए खाना, वस्त्र, निवास, बरात का स्वागत, कन्यादान, 101 मंडपों को सजाना आदि सहारा इंडिया परिवार ही करता है। इसके अतिरिक्त सहारा सभी नवदंपतियों को उनके इस नये सफर की शुरूआत में भी मदद करता है। इस हेतु सहारा ने 2 लाख रूपये से अधिक की गृहोपयोगी वस्तुएं नवदंपतियों को भेंट कीं, जिसमें रंगीन टेलीविजन, फ्रिज, आलमारी, डबल बेड, ड्रेसिंग टेबिल, आभूषण, वर के लिए सूट व वधु के लिए साड़ी तथा दोनों के लिए कलाई घड़ियां भी प्रदान की गई। इन उपहारों को जोड़ों के घर तक पहुंचाने की व्यवस्था भी सहारा इंडिया परिवार निभाता है।
उत्तर प्रदेश के राज्यपाल बीएल जोशी, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, मेयर डॉ दिनेश शर्मा, सपा नेता नरेश अग्रवाल ने उपस्थित होकर नवदंपतियों को आशीष प्रदान किया। इनके अतिरिक्त सहाराश्री की माताजी छबि रॉय, सुब्रत रॉय सहारा अध्यक्ष, स्वप्ना रॉय वाइस चेयरमैन, अशोक रॉय चौधरी एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर वर्कर, कुमकुम रॉय चौधरी एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर वर्कर, सहारा इंडिया परिवार ने भी नवदंपतियों को आशीष प्रदान किया।
इस अवसर पर सहारा शहर का फूलों से बेहतरीन श्रृंगार किया गया था। जगह-जगह पर रंगोली सजाई गई थी एवं मंत्रों के पवित्र उच्चारण व नेपथ्य से शहनाई वादन आल्हादित कर रहा था। रिश्तेदार खुशी में नाच रहे थे। उन्होंने अनेक व्यंजनों का स्वाद लिया। विभिन्न समुदायों के विवाह अवसर पर संबंधित धर्म के नामी आचार्यों ने पंडालों में विधिवत वैवाहिक रस्म पूरी कराई। विवाह समारोह में अनेक गणमान्य अतिथि भी आमंत्रित थे। नवदंपतियों को आशीर्वाद स्वरूप फोटोग्राफ भेंट की गई जिसमें सभी 101 जोड़ों की फोटो थीं। इस अवसर को 1914 में निर्मित विशेष अमेरिकी पेनोरॉमिक कोडक स्टील कैमरा इस्तेमाल किया गया, जो 360 डिग्री तक घूम सकता है और एकदम सुस्पष्ट चित्र देने की क्षमता रखता है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]