नीरज चोपड़ा देश, खेल और सशस्त्र बलों का गौरव-रक्षामंत्री
कंधों पर लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि का प्रतीक चिन्हस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Wednesday 22 October 2025 03:57:50 PM
नई दिल्ली। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने भाला फेंक सुपरस्टार और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा के कंधों पर प्रादेशिक सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि पद का चमचमाता प्रतीक चिन्ह लगाया। रक्षामंत्री ने साउथ ब्लॉक दिल्ली में आयोजित पिपिंग समारोह में लेफ्टिनेंट कर्नल (मानद) नीरज चोपड़ा और उनके परिवार के सदस्यों केसाथ बातचीत करते हुए नीरज चोपड़ा को दृढ़ता, देशभक्ति और उत्कृष्टता केलिए प्रयास करने की भारतीय भावना का आदर्श उदाहरण बताया। राजनाथ सिंह ने कहाकि लेफ्टिनेंट कर्नल (मानद) नीरज चोपड़ा अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रीय गौरव के सर्वोच्च आदर्शों के प्रतीक हैं और वे खेल जगत और सशस्त्र बलों की आने वाली पीढ़ियों के प्रेरणास्रोत हैं।
वर्ष 2016 में सेना में भर्ती हुए लेफ्टिनेंट कर्नल (मानद) नीरज चोपड़ा ने सेना की राजपूताना राइफल्स में सेवा की है। हरियाणा के पानीपत जिले के खंडरा गांव में 24 दिसंबर 1997 को जन्मे नीरज चोपड़ा ने अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में अपनी उल्लेखनीय उपलब्धियों से राष्ट्र और सशस्त्र बलों का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने 2020 के टोक्यो ओलंपिक में ट्रैक एंड फील्ड में ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बनकर इतिहास रच दिया। उन्होंने 2024 के पेरिस ओलंपिक में रजत पदक और 2023 की विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखा। एशियाई खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों और डायमंड लीग स्पर्धाओं में भी कई स्वर्ण पदक जीते हैं। उनका 90.23 मीटर (2025) का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो भारतीय खेल इतिहास में एक बहुत बड़ी उपलब्धि के रूपमें दर्ज है।
लेफ्टिनेंट कर्नल नीरज चोपड़ा को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों और राष्ट्र केलिए अनुकरणीय सेवा को मान्यता देते हुए 16 अप्रैल 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रादेशिक सेना में मानद कमीशन प्रदान किया था। इससे पहले उन्हें पद्मश्री, मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार, अर्जुन पुरस्कार, परम विशिष्ट सेवा पदक और विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जा चुका है। पिपिंग समारोह में सेना और प्रादेशिक सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।