स्वतंत्र आवाज़
word map

राष्ट्रपति से मिले सूरीनाम के संसदीय प्रतिनिधि

भारत सूरीनाम संबंध घनिष्‍ठ और दोस्ताना-राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

'दोनों देशों के मध्य संसदीय आदान-प्रदान बहुत महत्वपूर्ण हैं'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 6 February 2024 12:27:26 PM

parliamentary representatives of suriname meet the president

नई दिल्ली। सूरीनाम की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष मारिनस बी के नेतृत्व में सूरीनाम गणराज्य के एक संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। राष्ट्रपति ने प्रतिनिधिमंडल का राष्ट्रपति भवन में स्वागत करते हुए कहाकि भारत-सूरीनाम संबंधों की विशेषता घनिष्‍ठता और दोस्ती है, यह उत्कृष्ट लोगों के परस्‍पर संपर्कों, दोनों देशों की संस्कृतियों और परंपराओं में जुड़ाव केसाथ वैश्विक महत्व के मुद्दों पर हमारे दृष्टिकोण में व्‍याप्‍त समानताओं पर आधारित है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहाकि वर्ष 2023 दोनों देशों केबीच उच्चस्तरीय आदान-प्रदान के संदर्भ में बहुत महत्वपूर्ण रहा, जिसकी शुरुआत सूरीनाम की राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी की प्रवासी भारतीय दिवस पर जनवरी 2023 में भारत यात्रा से हुई थी। राष्ट्रपति ने सूरीनाम के संसदीय प्रतिनिधियों को बतायाकि भारत के राष्ट्रपति के रूपमें पदभार ग्रहण करने केबाद जून 2023 में उन्‍होंने सूरीनाम की पहली राजकीय यात्रा की थी। राष्ट्रपति ने सूरीनाम में भारतीयों के आगमन की 150वीं वर्षगांठ के विशेष स्मरणोत्सव में उनकी भागीदारी और सूरीनाम की सरकार तथा वहां के लोगों द्वारा किए गए अपने गर्मजोशीभरे स्वागत का स्‍मरण किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहाकि भारत-सूरीनाम केबीच स्वास्थ्य, आयुर्वेद, कृषि, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल प्रौद्योगिकी, शिक्षा, संस्कृति और पर्यटन जैसे क्षेत्रों सहित द्विपक्षीय व्यापार एवं आर्थिक सहयोग की काफी संभावनाएं हैं। राष्ट्रपति ने कहाकि दोनों देशों के मध्य संसदीय आदान-प्रदान बहुत महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि ये हमारे दो लोकतंत्रों केबीच बातचीत का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त कियाकि सूरीनाम के संसदीय प्रतिनिधियों की इस भारत यात्रा में उनको भारत की मजबूत और जीवंत लोकतांत्रिक प्रणालियों के बारेमें और अधिक जानने का अवसर मिलेगा।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]