'पूर्वोत्तर में ऐतिहासिक और उभरते सांस्कृतिक स्थलों का सम्मान'
'द्वितीय विश्वयुद्ध के निर्णायक घटनाक्रमों में है कोहिमा का युद्ध'स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Friday 5 December 2025 12:11:33 PM
कोहिमा। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य माधवराव सिंधिया ने कोहिमा युद्ध समाधि स्थल पर जाकर द्वितीय विश्व युद्ध के निर्णायक घटनाक्रमों में से एक कोहिमा के युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने इस अवसर पर कहाकि यह युद्ध समाधि स्थल साहस, बलिदान और साझा इतिहास का जीवंत प्रतीक है, यह न केवल एक महत्वपूर्ण विरासत स्थल है, बल्कि ऐसा स्थान भी है, जो देश-विदेश से आनेवाले पर्यटकों को लगातार आकर्षित करता है। ज्योतिरादित्य सिंधिया गैरिसन कैफे गए, जो कोहिमा का एक प्रमुख सांस्कृतिक स्थल है और क्षेत्र की सैन्य विरासत तथा रचनात्मक ऊर्जा का उत्सव मनाता है। उन्होंने कहाकि पूर्वोत्तर में ऐतिहासिक और उभरते सांस्कृतिक स्थलों का सम्मान है और युद्धकालीन इतिहास एवं स्थानीय नागा परंपराओं से प्रेरित यह कैफे आज युवाओं, कलाकारों और पर्यटकों केलिए एक जीवंत सांस्कृतिक केंद्र के रूपमें उभर चुका है।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कैफे में कॉफी का आनंद लेते हुए इस बातकी सराहना कीकि कैसे इस तरह के स्थल विरासत को समकालीन उद्यमिता से जोड़ते हैं और सामुदायिक सहभागिता तथा स्थानीय आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करते हैं। नागालैंड सरकार ने क्षेत्र की आर्थिक संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कॉफी को राज्य का विशिष्ट विक्रय बिंदु (यूएसपी) भी घोषित किया है। ज्योतिरादित्य सिंधिया हॉर्नबिल महोत्सव में भी शामिल हुए, जो भारत के सबसे प्रतिष्ठित सांस्कृतिक उत्सवों में से एक है और नागालैंड की समृद्ध परंपराओं, शिल्प कौशल, संगीत एवं विविध सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करता है। उनकी यह यात्रा सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने, स्थानीय समुदायों को सशक्त बनाने और पूर्वोत्तर क्षेत्र की सामाजिक और आर्थिक जीवंतता को मजबूत करने केलिए मंत्रालय की प्रतिबद्धता को उजागर करती है।