स्वतंत्र आवाज़
word map

महिलाओं में महान नेतृत्‍व क्षमता-एचआरडी मंत्री

नरेंद्र मोदी सरकार ने लागू की विभिन्न महिला केंद्रित नीतियां

नई दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सम्मान समारोह

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 4 March 2020 12:54:36 PM

international women's day celebrations in new delhi

नई दिल्ली। केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह में अपने मंत्रालय की महिला कर्मचारियों का सम्मान करते हुए महिला अधिकारियों और अन्य महिला कर्मचारियों के कड़े परिश्रम और शिक्षा क्षेत्र में उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए उनकी सराहना की है। रमेश पोखरियाल ने कहा कि महिलाओं में महान नेतृत्‍व क्षमता होती है, क्योंकि वे प्राकृतिक रूपसे कई काम एक-साथ कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की क्षमता और योग्यता से कोई इंकार नहीं कर सकता, वे अभूतपूर्व तरीके से कामकाजी और व्यक्तिगत जीवन कौशलों में संतुलन स्थापित कर सकती हैं। एचआरडी मंत्री ने कहा कि महिला को हमेशा से शक्ति और देवी के रूपमें प्रस्तुत किया जाता रहा है, हमारे मनीषियों का मानना था कि जहां नारी की पूजा होती है और उनका सम्मान किया जाता है, वहीं देवताओं का वास होता है।
रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि राष्ट्रनिर्माण और विकास के लिए महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि जिस देश में महिलाओं का सम्मान नहीं किया जाता, वे देश कभी प्रगति नहीं कर सकते। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्‍व में सरकार‍ ने शिक्षा के माध्‍यम से लड़कियों और महिलाओं को सशक्‍त बनाने के लिए विभिन्‍न महिला केंद्रित नीतियां लागू की हैं, ताकि देश में महिला कार्यबल की भागीदारी बढ़ाई जा सके। मानव संसाधन विकास मंत्री ने कहा कि सरकार ने 2014 से लड़कियों की शिक्षा के लिए अनेक परिवर्तनकारी कार्यक्रम प्रारंभ किए हैं, यह बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना की सफलता के कारणों में से एक है, इसके तहत शिक्षा के सभी स्‍तरों पर लड़कियों का कुल नामांकन अनुपात लड़कों से अधिक है।
मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री संजय धोत्रे भी इस अवसर पर उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ बेहतर व्‍यवहार करने वाले समाज समृद्ध हुए हैं, महिलाओं की क्षमता से समाज को काफी लाभ होता है, मां सभी के जीवन को छूती है और सबकी पहली और सर्वश्रेष्‍ठ शिक्षक होती है। उन्होंने कहा कि आज विश्‍व में कोई भी क्षेत्र महिलाओं के योगदान से अछूता नहीं है और हमारे देश में महिलाओं ने विभिन्‍न क्षेत्रों में उत्‍कृष्‍ट प्रदर्शन किए हैं, उनका देश की प्रगति में अनुकरणीय योगदान है। उन्‍होंने कहा कि मानव संसाधन विकास मंत्रालय की महिला कर्मचारियों के साथ मंत्रालय के कामकाज की बातचीत करके उन्‍हें प्रसन्‍नता हुई है। उन्‍होंने महिलाओं को फूल देकर उनके प्रति सम्मान व्‍यक्‍त किया। रमेश पोखरियाल और संजय धोत्रे ने महिला अधिकारियों के साथ सेल्‍फी भी ली।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]