हर छोटा बचतकर्ता भी संपत्ति निर्माता बन सकेगा-एनएसई के सीईओ
डाक विभाग में अबसे म्यूचुअल फंड जैसे दीर्घकालिक निवेश विकल्पस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Wednesday 11 February 2026 06:19:39 PM
नई दिल्ली। केंद्रीय संचार मंत्रालय केतहत डाक विभाग और देश के रियल टाइम फाइनेंशियल इकोसिस्टम नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड ने अंत्योदय योजना के विचार, जोकि कतार में खड़े आखिरी व्यक्ति तक पहुंच और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ते हुए आज एनएसई एमएफ इन्वेस्ट प्लेटफॉर्म पर एक साझेदारी समझौता किया है। साझेदारी का उद्देश्य गांवों और छोटे शहरों के लाखों लोगों की छोटी-छोटी बचत को सही दिशा देकर उन्हें म्यूचुअल फंड निवेश से मजबूत संपत्ति में बदलना है, ताकि मानक बचत को लाभकारी म्यूचुअल फंड निवेश में लगाया जा सके। इस एमओयू पर डाक विभाग की महाप्रबंधक (नागरिक केंद्रित सेवाएं और ग्रामीण व्यवसाय) मनीषा बंसल बादल और एनएसई के मुख्य व्यवसाय विकास अधिकारी श्रीराम कृष्णन ने एनएसई के प्रबंध निदेशक और सीईओ आशीष कुमार चौहान की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए।
डाक विभाग और एनएसई की यह रणनीतिक साझेदारी इंडिया पोस्ट के 1.64 लाख से अधिक डाकघरों के विशाल नेटवर्क (जिनमें 80 प्रतिशत से ज्यादा ग्रामीण क्षेत्रों में हैं) और लोगों केबीच उसकी गहरी भरोसेमंद पहचान को एनएसई के आधुनिक और बिना शुल्क वाले एनएसई एमएफ इन्वेस्ट प्लेटफॉर्म केसाथ जोड़ती है। आजभी भारत के सिर्फ लगभग 10 प्रतिशत घरों तकही म्यूचुअल फंड की पहुंच है, वहभी ज्यादातर शहरों में, जबकि उद्योग की प्रबंधित संपत्ति 81 लाख करोड़ रुपए से आगे निकल चुकी है और एसआईपी निवेश लगातार मजबूत बना हुआ है। यह पहल इसी दूरी को कम करने की दिशामें एक बड़ा कदम है। डाक विभाग की व्यापक पहुंच और भरोसा इसे इस कार्य केलिए खास बनाता है, इसके जरिए करोड़ों माता-बहन, किसान, दिहाड़ी मजदूर और सपने देखने वाले युवा म्यूचुअल फंड जैसे दीर्घकालिक निवेश विकल्पों से जुड़ सकेंगे। इससे समावेशी विकास को बल मिलेगा, घरेलू निवेश बढ़ेगा और कम रिटर्न वाले पारंपरिक विकल्पों पर निर्भरता घटेगी।
एनएसई एमएफ इन्वेस्ट एक पूरी तरह एकीकृत और तैयार समाधान पेश करता है, जो निवेशक की पूरी यात्रा को कवर करता है। केवाईसी से शुरुआत करते हुए मोबाइल या आधार आधारित ई-केवाईसी डाकघरों में या फिर इंडिया पोस्ट के सिस्टम या ऐप से की जा सकेगी। इसके बाद निवेशक ऑनबोर्डिंग, लेनदेन और बैक ऑफिस इंटीग्रेशन तक की पूरी प्रक्रिया इसी प्लेटफॉर्म पर सुगमता से पूरी होगी। एनएसई ने 2500 इंडिया डाककर्मियों केलिए एनआईएसएम सर्टिफिकेशन और ईयूआईएन रजिस्ट्रेशन का पूरा खर्च उठाने का संकल्प लिया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण भारत में प्रमाणित वित्तीय मार्गदर्शकों की एक मजबूत टीम तैयार करना है, जो लोगों को सही निवेश की दिशा दिखा सके। एनएसई सभी 23 पोस्टल सर्किल और डाक भवन में समर्पित तकनीकी और संचालन टीम तैनात करेगा, ताकि जमीनी स्तरपर 24x7 सहायता सुनिश्चित की जा सके और हर डाकघर को समय पर मार्गदर्शन मिल सके। इस पहल की शुरुआत आसान और समझ में आनेवाले मॉडल से होगी। निवेश विकल्प सीमित, विविध और छोटी-छोटी राशि से जुड़े होंगे, ताकि आम लोग बिना झिझक शुरुआत कर सकें।
पहले चरण में 'डू-इट-योरसेल्फ' मॉडल पर जोर रहेगा, जबकि एनआईएसएम सर्टिफिकेशन और नियामकीय प्रक्रिया पूरी होने केबाद जरूरतमंद ग्राहकों को मार्गदर्शित सहायता भी दी जाएगी। आगे चलकर यही पहल बड़े स्तर के वेल्थ मैनेजमेंट इकोसिस्टम में बदलेगी। पहले चरण में इंडिया पोस्ट के भरोसे को आधार बनाते हुए उत्पाद ऐसे होंगे, जो सीधे सीमित और साफ समझ में आनेवाले हों। छोटी और सुदृढ़ निवेश राशि, संतुलित विकल्प और सरल प्रक्रिया पर ध्यान रहेगा। डीआईवाई ग्राहकों केलिए आसान रास्ता रहेगा, वहीं प्रमाणित और नियमानुसार सहायता विकल्प भी उपलब्ध होंगे। पहले चरण के स्थिर होने केबाद यह साझेदारी पूरे म्यूचुअल फंड इकोसिस्टम तक विस्तार करेगी। लगभग 55 से अधिक एएमसी की सभी ओपन-एंडेड योजनाओं तक पहुंच, एसटीपी और एसडब्ल्यूपी जैसे उन्नत व्यवस्थित प्लान, लक्ष्य आधारित निवेश, पोर्टफोलियो विश्लेषण, स्थानीय भाषाओं में सहयोग और बेहतर सलाह सेवाएं भी जोड़ी जाएंगी, ताकि निवेशक सही मायनों में दीर्घकालिक संपत्ति बना सकें।
यह पहल इंडिया पोस्ट के उस उद्देश्य से पूरी तरह मेल खाती है, जिसमें निवेश को बढ़ावा देना, बचत से निवेश की आदत को मजबूत करना, तकनीक और अपने व्यापक नेटवर्क से अंतिम व्यक्ति तक सेवाएं पहुंचाना और विविध निवेश विकल्पों से जोखिम कम करना शामिल है। इससे डाकघरों और ग्रामीण डाक सेवकों केलिए कमीशन आधारित नई आय के अवसर बनेंगे, ग्रामीण, युवा और महिला ग्राहकों से जुड़ाव मजबूत होगा एवं डाक विभाग एक समग्र वित्तीय सेवा प्रदाता के रूपमें अपनी पहचान और पुख्ता करेगा। एनएसई के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ आशीष कुमार चौहान ने इस अवसर पर कहाकि हमें डाक विभाग केसाथ साझेदारी कर पूंजी बाजार तक पहुंच को आसान बनाने पर गर्व है, एनएसई एमएफ इन्वेस्ट का मजबूत प्लेटफॉर्म और इंडिया पोस्ट की बेजोड़ पहुंच एक नया अध्याय लिखेंगे, जहां हर छोटा बचतकर्ता भी संपत्ति निर्माता बन सकेगा। डाक विभाग की महाप्रबंधक मनीषा बंसल बादल ने कहाकि डाक विभाग ने हमेशा वित्तीय समावेशन और नागरिक केंद्रित सेवाओं को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।
मनीषा बंसल बादल ने कहाकि एनएसई केसाथ यह साझेदारी हमारे ग्राहकों को आधुनिक निवेश विकल्प उपलब्ध कराएगी, साथही निवेशक सुरक्षा, पारदर्शिता और नियामकीय अनुपालन के उच्च मानकों को बनाए रखेगी। एनएसई के मुख्य व्यवसाय विकास अधिकारी श्रीराम कृष्णन ने कहाकि बेहतर एकीकरण, प्रशिक्षण और निरंतर सहयोग के जरिए हम यह सुनिश्चित करेंगेकि इंडिया पोस्ट वितरण पर ध्यान दे सके, जबकि तकनीकी आधार की पूरी जिम्मेदारी हम संभालेंगे। श्रीराम कृष्णन ने कहाकि यह साझेदारी मानक बचत को उत्पादक पूंजी बाजार से जोड़ने, परिवारों और समुदायों को आर्थिक रूपसे मजबूत करने और भारत की संतुलित व समावेशी विकास यात्रा को आगे बढ़ाने का साझा अवसर है।