स्वतंत्र आवाज़
word map

देश में झूंठ एवं अहंकार की सरकार-प्रियंका

प्रियंका गांधी वाड्रा की बहराइच व धौरहरा में सभाएं

प्रियंका ने अहंकारी कछुए से की मोदी की तुलना

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 29 April 2019 02:36:51 PM

priyanka gandhi vadra meetings in bahraich and dhaurah

बहराइच। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने बहराइच संसदीय क्षेत्र के नानपारा में कांग्रेस प्रत्याशी साबित्री बाई फुले और धौरहरा लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी जतिन प्रसाद के लिए रोड शो किया। प्रियंका गांधी वाड्रा ने जनसमूह को सम्बोधित करते हुए सावित्री बाई फुले की सराहना की और कहा कि वे बहराइच लेाकसभा क्षेत्र के लोगों के लिए सदैव समर्पित रही हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि मैने जब साबित्री बाई फुले से पूछा कि उन्होंने बीजेपी क्यों छोड़ दी तो उन्होंने बताया कि बीजेपी में जनता के दर्द का एवं ग़रीबों की आवाज़ का कोई स्थान नहीं है, जनता की पीड़ा, किसानों एवं बेरोज़गारों की दुर्दशा के प्रति भाजपा की सरकार संवेदनहीन है, इसीलिए वे बीजेपी को छोड़कर कांग्रेस के साथ खड़ी हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा का कहना था कि साबित्री बाई फुले ने कहा कि वह जानती हैं कि कांग्रेस ही जनता के विकास के कार्य करती है और देश एवं समाज में उसकी प्रेम एवं अमन-चैन फैलाने की विचारधारा है।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि लोगों की संख्या देखकर मुझे विश्वास हो गया है कि जनता भारी मतों से सावित्री बाई फुले को जिताएगी। उन्होंने कहा कि दो-तीन माह से मैं प्रदेश में घूम रही हूं, मैने एक सच्चाई देखी है कि जब भी मैं किसानों से मिलती हूं तो वह बताते हैं कि उन्हें खाद, बीज समय पर नहीं मिलता है, उपज का समुचित मूल्य भी नहीं मिलता है, वे कर्ज में डूबे हुए हैं, अन्ना पशुओं की समस्या से त्रस्त किसान रातभर सो नहीं पाते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं से मिलती हूं तो वे अपनी बेरोज़गारी का दर्द बयां करते हैं, दो करोड़ युवाओं को प्रतिवर्ष रोज़गार देने का वादा करने वालों ने युवाओं से उनका रोज़गार छीनने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मंहगाई पर लगाम लगाने में मोदी सरकार फेल रही है, भाजपा को गरीबों की चिंता नहीं है, भाजपा कुछ पूंजीपतियों को मजबूत करने में जुटी हुई है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने जनता का आह्वान किया कि वह जागरूक बने और अपने हक की लड़ाई लड़े।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि आज सभी संस्थाओं को दुर्बल बनाने की कोशिश हो रही है, लोकतंत्र जनता को शक्ति देता है, लोकतंत्र को दुर्बल बना दिया गया है तथा दुर्बल लोकतंत्र से जनता की आवाज़ को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को जनता की समस्याओं पर बात करते हुए एवं ग़रीबों से मिलते हुए नहीं देखा गया, मात्र कुछ उद्योगपतियों के साथ उन्हें देखा जाता है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने लोकसभा क्षेत्र धौरहरा से कांग्रेस प्रत्याशी जतिन प्रसाद के पक्ष में मुहम्मदी पहुंचकर रोड शो किया। रोड शो पुवायां मोड़ से शुरु हुआ, जहां से वह अम्बेडकर चौराहे पहुंचा। प्रियंका गांधी वाड्रा ने वहां बाबासाहेब डॉ भीमराव रामजी आम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने जनता से जतिन प्रसाद को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‌जतिन प्रसाद ने धौरहरा के विकास के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं, धौरहरा के विकास का उनका सपना है, जिसको पूरा करने के लिए वह सदैव तत्पर रहते हैं।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि आज देश में झूंठ एवं अहंकार की सरकार चल रही है। उन्होंने नरेंद्र मोदी का नाम लिए बगैर उनकी तुलना एक अहंकारी कछुए से की। उसकी कहानी सुनाते हुए उन्होंने कहा कि मैं अपने बच्चों को बचपन में एक तालाब में रहने वाले कछुए की कहानी सुनाती थी, जिसमें कछुए को स्वयं के सर्वश्रेष्ठ होने का अहंकार था, एक दिन उस कछुए ने आसमान की तरफ देखा तो उसे चांद दिखाई दिया, उसे बहुत गुस्सा आया कि उससे ऊपर कोई कैसे हो सकता है, वह सभी कछुओं को जुटाकर एक के ऊपर एक और सबसे ऊपर स्वयं सवार हो गया, अब उसे लगने लगा कि वह सर्वश्रेष्ठ हो गया, इस स्थिति में रहने की वजह से बाकी कछुओं के हाथ-पैर में दर्द एवं अन्य समस्याएं होने लगीं, सबसे नीचे के कछुए को डकार आई, जिसके कारण सभी कछुओं के साथ अहंकारी कछुआ भी धड़ाम से नीचे गिर गया, यही हाल आज सभी सरकारी संस्थाओं का है कि उनके ऊपर सवार स्वयं को सर्वश्रेष्ठ एवं राजा मानने वाला सभी संवैधानिक संस्थाओं के सिर पर सवार है, जिसके कारण सरकारी संस्थाओं की स्वतंत्रता एवं स्वायत्तता खतरे में है। उन्होंने मजबूर किसान, दुःखी बेरोज़गार, नोटबंदी एवं जीएसटी से बर्बाद छोटे-मझोले व्यापारी की तुलना सबसे नीचे के कछुए से की, जिसको अहंकारी कछुए ने बर्बाद कर दिया। प्रियंका गांधी वाड्रा का जगह-जगह पुष्प एवं मालाओं से स्वागत हुआ।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]