स्वतंत्र आवाज़
word map

फ्रांस के राजदूत राज्यपाल राम नाईक से मिले

राजदूत ने लखनऊ के विकास को देखकर प्रसन्नता जताई

दोनों देशों के बीच उच्च शिक्षा अध्ययन का आदान-प्रदान

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 16 March 2019 12:11:31 PM

french ambassador meets ram naik

लखनऊ। फ्रांस के राजदूत अलेक्जेंडर जीगलर ने राजभवन लखनऊ में राज्यपाल राम नाईक से शिष्टाचारिक भेंट की। राम नाईक ने इस इस अवसर पर राजदूत अलेक्जेंडर जीगलर को बताया कि उत्तर प्रदेश में आईआईटी कानपुर, आईआईएम लखनऊ, एनआईटी इलाहाबाद, किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय लखनऊ जैसे उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान हैं। राज्यपाल ने उच्च शिक्षा पर चर्चा करते हुए भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय के वर्ष 2018 में शुरु किए गए ‘भारत में शिक्षा कार्यक्रम’ के तहत योग और नेचुरोपैथी पाठ्यक्रमों में फ्रेंच विद्यार्थियों की संख्या में बढ़ोत्तरी की उम्मीद जताई है। दोनों देशों के मध्य विद्यार्थियों के उच्च शिक्षा अध्ययन के आदान-प्रदान हेतु वर्ष 2020 तक 10,000 विद्यार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के आदान-प्रदान से दोनों देशों के बीच एक नए शैक्षिक वातावरण का निर्माण होगा।
राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि फरवरी 2018 में उत्तर प्रदेश में इंवेस्टर्स समिट में 4.28 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनमें कुछ विदेशी निवेशक भी थे। उन्होंने राजदूत अलेक्जेंडर जीगलर को बताया कि बुंदेलखंड में डिफेंस कॉरिडोर का निर्माण का निर्णय लिया गया है और यहां निवेश की अच्छी संभावना है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कृषि मुख्य व्यवसाय है, इस दृष्टि से कृषि आधारित उद्योगों में निवेश करने पर अधिक विचार करने की आवश्यकता है। राज्यपाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे ज्यादा आबादी वाला राज्य है, यहां शिक्षित मानव संसाधन के साथ-साथ काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पर्यटन के अनेक दर्शनीय स्थल हैं, जहां देशी-विदेशी पर्यटक बड़ी संख्या में आते हैं। फ्रांस के राजदूत अलेक्जेंडर जीगलर ने कहा कि अगलीबार वे उत्तर प्रदेश में एक व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ आएंगे। उन्होंने शीतगृह श्रृंखला विकास में रूचि दिखाई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आलू की अच्छी पैदावार होती है इस दृष्टि से भंडारण की सुविधा को और विकसित किया जा सकता है।
फ्रांस के राजदूत अलेक्जेंडर जीगलर लखनऊ के विकास को देखकर प्रसन्नता जताई और कहा कि वे इससे पूर्व कई बार उत्तर प्रदेश आ चुके हैं। उन्होंने बताया कि फ्रेंच कंपनी लखनऊ मेट्रो के कोच बना रही है। राज्यपाल ने फ्रांस के राजदूत को पुस्तक ट्रीज ऑफ उत्तर प्रदेश, बर्ड्स ऑफ राजभवन तथा चरैवेति! चरैवेति!! की अंग्रेजी प्रति भेंट की। फ्रांस के राजदूत ने फ्रांस दूतावास की प्रकाशित पुस्तक फ्रेंच अम्बेसी ऑफ इंडिया की प्रति राज्यपाल को भेंट की। इस दौरान राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव हेमंत राव एवं फ्रांस दूतावास के अधिकारी भी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]