स्वतंत्र आवाज़
word map

यूपी को विश्व बैंक से चाहिएं बीस हज़ार करोड़ रुपए

विश्व बैंक समूह के अध्यक्ष ने कोई ठोस भरोसा नहीं दिया

उत्तर प्रदेश में विश्व बैंक परियोजनाओं की हालत अच्छी नहीं

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 13 March 2013 12:10:38 PM

dr jim yong kim and akhilesh yadav

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्य के विकास और अवस्थापना सुविधाओं पर्यटन, सड़कों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार, सिंचाई, अपशिष्ट प्रबंधन के साथ-साथ लखनऊ नगर में मेट्रो रेल तथा दो चरणों में नगरीय यातायात में सुधार आदि परियोजनाओं के लिए विश्व बैंक से करीब 20 हजार करोड़ रुपए के आर्थिक सहयोग की अपेक्षा की है। उन्होंने कहा कि विश्व बैंक ने राज्य सरकार की इन परियोजनाओं के लिए सकारात्मक सहयोग देने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर विश्व बैंक समूह के अध्यक्ष डॉ जिम यांग किम के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल से विचार-विमर्श के बाद संयुक्त पत्रकार वार्ता में कहा कि लगभग 40 वर्षों में विश्व बैंक ने उत्तर प्रदेश को कृषि, शिक्षा, सड़क यातायात, स्वास्थ्य, सिंचाई आदि से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं में सहयोग प्रदान किया है।
उत्तर प्रदेश में वर्तमान में विश्व बैंक के सहयोग से राज्य में 344 मिलियन डॉलर की दो परियोजनाएं संचालित हैं। जनसंख्या के दृष्टिकोण से यह राज्य देश का सबसे बड़ा प्रदेश है, जिसकी आबादी विश्व के कई देशों से भी अधिक है। मुख्यमंत्री ने विश्व बैंक के सामने यूपी की उच्च आर्थिक विकास दर प्राप्त करने का संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज एक ऐतिहासिक मोड़ पर खड़ा है, जहां से इसे सही दिशा में ले जाया जा सकता है। उन्होंने सड़क, यातायात, शिक्षा, ऊर्जा, स्वास्थ्य आदि क्षेत्रों के विकास में विश्व बैंक की मदद की अपेक्षा करते हुए कहा कि राज्य सरकार अपने वित्तीय संसाधन बढ़ाने का हर संभव प्रयास कर रही है, परंतु अवस्थापना सुविधाओं के विकास तथा लोक कल्याण के कार्य हेतु अधिक धन की आवश्यकता होगी।
उन्होंने विश्व बैंक के आर्थिक सहयोग की चर्चा करते हुए कहा कि राज्य सेक्टर, राष्ट्रीय या बहुराज्यीय परियोजनाओं के माध्यम से लगभग 11 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं के संचालन हेतु धनराशि प्राप्त होनी है। इसके अलावा कुछ परियोजनाएं विश्व बैंक के समक्ष अंतिम निर्णय की प्रक्रिया में हैं। उन्होंने विश्व बैंक के अध्यक्ष के साथ हुई वार्ता को सकारात्मक बताते हुए भरोसा जताया कि राज्य के विकास एवं अवस्थापना परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए विश्व बैंक की आर्थिक मदद राज्य सरकार को मिलेगी। विश्व बैंक समूह के अध्यक्ष डॉ जिम यांग किम ने कहा कि भारत के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य के विकास के बिना विश्व से गरीबी दूर नहीं की जा सकती।
डॉ जिम यांग किम ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के विकास के लिए जो चुनौतियों को चिन्हित की हैं, उनमें विश्व बैंक ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में राज्य सरकार को अवस्थापना सुविधाओं के विकास में मदद देकर रोज़गार के साधन उपलब्ध कराने में संभव मदद करेगा, लेकिन ग़ैरसरकारी सूत्रों के अनुसार यूपी में विश्व बैंक परियोजनाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं होने के कारण विश्व बैंक समूह के अध्यक्ष डॉ किम ने मुख्यमंत्री को कोई ठोस और उत्साहजनक भरोसा नहीं दिया। इस मौके पर मंत्रिमंडल के सदस्य शिवपाल सिंह यादव, मोहम्मद आजम खां, अहमद हसन, राजेंद्र चौधरी, ओम प्रकाश सिंह, अभिषेक मिश्रा, राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष एनसी बाजपेई, मुख्य सचिव जावेद उस्मानी, विश्व बैंक के उपाध्यक्ष सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]