स्वतंत्र आवाज़
word map

आईएनएस तरंगि‍नी समुद्री यात्रा से स्वदेश लौटा

कोच्चि में नौसेना बेस पर तरंगि‍नी जहाज की भव्‍य अगवानी

भारतीय नौसना का प्रथम नौका प्रशिक्षण जहाज है तरंगि‍नी

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 31 October 2018 01:19:50 PM

ins tarangini returns home from sea cruise

कोच्चि। भारतीय नौसेना का नौका प्रशिक्षण जहाज आईएनएस तरंगि‍नी पूरे विश्‍व की समुद्री यात्रा करके वापस स्वदेश लौट आया है। सात माह की लम्‍बी समुद्री यात्रा के बाद 30 अक्‍टूबर को जब यह जहाज कोच्चि में नौसेना बेस पर पहुंचा तो उसकी भव्‍य अगवानी की गई। चीफ ऑफ स्‍टॉफ दक्षिणी नौसेना कमान रियर एडमिरल आरजे नाडकर्णी ने आईएनएस तरंगि‍नी जहाज की अगवानी की। इस अवसर पर नौसना बेस की दक्षिणी जेटी पर नौसना कमान ने स्‍वागत समारोह का आयोजन किया, जिसमें प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन के वरिष्‍ठ अधिकारी कैप्‍टन वरुण सिंह, नौसेना के अनेक वरिष्‍ठ अधिकारियों, चालक दल के परिवारों और अन्‍य प्रतिष्ठित मेहमानों ने भी भाग लिया।
‘लोकायन 18’ नाम से इस समुद्री यात्रा को कोच्चि से 10 अप्रैल 2018 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। समुद्री यात्रा के दौरान जहाज ने बड़े गर्व से ध्‍वज को प्रदर्शित किया और 13 देशों के 15 बंदरगाहों पर भारत की विविध संस्‍कृति को भी प्रदर्शित किया। कोच्चि के लिए अपनी स्‍वदेश वापसी यात्रा आरंभ करने से पहले यह जहाज अरब सागर, लाल सागर, सुएज नहर, भूमध्य सागर, जिब्राल्टर की खाड़ी, उत्तरी अटलांटिक महासागर, बिस्के की खाड़ी, इंग्लिश चैनल और उत्तरी सागर होते हुए नॉर्वे तक गया। आईएनएस तरंगि‍नी ने फ्रांस के बोर्डेक्‍स में ‘थ्री फेस्टिवल टॉल शिप्‍स रेगट्टा' के समारोह में भाग लिया। इसने ‘टॉल शिप्‍स रेसेज यूरोप 2018’ में भी भाग लिया, जिसकी शुरुआत ब्रिटेन के संदरलैंड से हुई और फिर एस्‍बजर्ज, डेनमार्क और स्टैवेंजर, नॉर्वे से गुजरने के बाद नीदरलैंड के हरलिंगेन में इसका समापन हुआ।
आईएनएस तरंगि‍नी ने ऊंचे जहाजों की लम्‍बी दौड़ में सैकड़ों अन्‍य जहाजों के साथ भाग लिया। आईएनएस तरंगि‍नी तीन मस्‍तूल वाला जहाज है, जो कुल मिलाकर 20 नौकाओं का वहन करता है। आईएनएस तरंगि‍नी भारतीय नौसना का प्रथम नौका प्रशिक्षण जहाज है और 11 नवंबर 1997 को इसका जलावतरण किया गया था। आईएनएस तरंगि‍नी ने 21 वर्ष की अपनी गौरवशाली सेवा के दौरान अबतक दुनियाभर के महासागरों में 2,20,000 समुद्री मील से भी अधिक की लम्‍बी दूरी तय की है। आईएनएस तरंगि‍नी जहाज की कमान कमांडर राहुल मेहता संभाल रहे हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]