स्वतंत्र आवाज़
word map

विद्यासागर गुप्ता की 'स्मृतियां' विमोच‌ित!

भारत के विभाजन के समय की हृदयविदारक दास्तान

'स्मृतियां' पुस्तक का संयुक्त रूपसे हुआ विमोचन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 29 October 2018 05:48:07 PM

vidyasagar gupta's 'smriti' book releases on bjp headquarter

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने पूर्वी क्षेत्र लखनऊ से भाजपा के विधायक रह चुके विद्यासागर गुप्ता की 'स्मृतियां' पुस्तिका का प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर विमोचन किया। विद्यासागर गुप्ता ने 'स्मृतियां' में बताया है कि वह लाहौर से दो कारों में किस प्रकार से अपने परिवार सहित 16 जुलाई 1947 को अमृतसर जा रहे हिंद पुलिस के काफिले के साथ जिंदा बचकर आए। विद्यासागर गुप्ता ने बताया कि बाघा बार्डर और अटारी बार्डर होते हुए जो यात्रा केवल 40 मील थी, वह पांच घंटे में पूरी हुई, क्योंकि सड़कों पर हजारों की संख्या में सिर कटी लाशें पड़ी थीं, पुलिस पहले सड़कों से लाशों को हटाती थी, फिर आगे बढ़ती थी। विद्यासागर गुप्ता ने बताया कि अमृतसर से वह लखनऊ पहुंचे, जहां उनके रिश्तेदार रहते थे। उन्होंने बताया कि उन्होंने कठिन मेहनत करके एक वर्ष के अंदर लखनऊ में अपना लोहे का उद्योग फिर से शुरू कर लिया।
विद्यासागर गुप्ता ने बताया कि लाहौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने हजारों लोगों की जान बचाई थी। आरएसएस के प्रति निष्ठा व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि 1960-65 के दशक में सरस्वती शिशु मंदिर निरालानगर के निर्माण की जिम्मेदारी उन्हीं पर छोड़ी गई थी, क्योंकि वह 1948 में संघ की शाखा में जाते थे तो गांधीजी को गोली लगने पर उन्हें भी जेल भेज दिया गया था, जबकि उस समय वह कम उम्र के थे। विद्यासागर गुप्ता ने बताया कि उन्होंने बलरामपुर तथा लखनऊ में 1991 से 2004 तक अटल बिहारी बाजपेयी के लोकसभा चुनाव में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। विद्यासागर गुप्ता ने बताया कि उन्होंने दो बार कार से अपने बेटों के साथ पूरे देश के मठों, मंदिरों, पहाड़ों की यात्राएं कीं। उन्होंने बताया कि उन्होंने अटक से कटक तक कश्मीर से कन्याकुमारी तक की यात्राएं कीं हैं और वे यूरोप, कनाडा, सिंगापुर, थाईलैंड, मलेशिया, ऑस्ट्रेलिया, मिडिल ईस्ट में दुबई, कुबैत, आबूधाबी, शारजहा, सऊदी अरब जैसे देशों में भी पर्यटक के नाते जा चुके हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि भारत में एक ही कानून हो कि किसी को एक से ज्यादा शादी का अधिकार नहीं हो, दो से अधिक बच्चे नहीं हों, ताकि ग़रीबी, बेरोज़गारी दूर हो सके और देश में आबादी और धार्मिक संतुलन बिगड़ने न पाए।
उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि विद्यासागर गुप्ता राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी के श्रेष्ठ कार्यकर्ता हैं, इन सभी के लिए उनका बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने पार्टी से ऊपर उठकर जनता की सामाजिक और राजनैतिक सेवा की है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ रमापतिराम त्रिपाठी, महापौर संयुक्ता भाटिया, पूर्व प्रदेश महामंत्री विंध्यवासिनी कुमार, प्रदेश मुख्यालय प्रभारी भरत दीक्षित, लखनऊ महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, दिवाकर त्रिपाठी उपस्थित थे। भाजपा नेताओं ने विद्यासागर गुप्ता को भाजपा का सर्वश्रेष्ठ कार्यकर्ता बताया और कहा कि उन्हें जानकारी है कि विद्यासागर गुप्ता भाजपा और राष्ट्रीय हित में कुछ और पुस्तक लिख रहे हैं। भाजपा प्रदेश संयोजक लघु उद्योग प्रकोष्ठ अमित गुप्ता ने कार्यक्रम का संचालन किया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]