स्वतंत्र आवाज़
word map

यूपी होमगार्ड्स के मानदेय व कोष में हुई वृद्धि

होमगार्ड्स का यूपी ‌की सुरक्षा में बड़ा योगदान-मुख्यमंत्री

योगी ने किया होमगार्ड्स के नए भवनों का लोकार्पण

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 8 August 2018 03:57:21 PM

home guards gave guard of honor to cm yogi adityanath

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होमगार्ड्स का प्रतिदिन मानदेय 375 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया है और इसी प्रकार होमगार्ड्स जवानों के कल्याण कोष की राशि भी 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये कर दी है। उन्होंने होमगार्ड्स स्वयंसेवकों एवं अवैतनिक अधिकारियों के मानदेय के अवशेष की देनदारी 71 करोड़ 9 लाख रुपये का भी भुगतान करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ये घोषणाएं मंडलीय प्रशिक्षण केंद्र होमगार्ड्स लखनऊ के उद्घाटन पर कीं। उन्होंने होमगार्ड्स कार्यालय के 14 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित 4 भवनों का लोकार्पण किया। उन्होंने ड्यूटी के दौरान दिवंगत 27 होमगार्ड्स स्वयंसेवकों और अवैतनिक अधिकारियों के आश्रितों को 3-3 लाख रुपये के चेक वितरित किए। यह राशि मुख्यमंत्री सहायता कोष से प्रदान की गई है। उन्होंने अच्छी वर्दी, अच्छे टर्न, अनुशासन एवं सराहनीय सेवाओं के लिए 10 होमगार्ड्स और अवैतनिक अधिकारियों को विभागीय पदक से सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स संगठन अपनी एक नई पहचान बनाने में सफल रहा है, यह अवसर उस सफलता को और आगे ले जाने का एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि अवस्थापना सुविधाओं की वृद्धि से कार्य करने वालों का मनोबल बढ़ता है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि नई सुविधाओं से होमगार्ड्स अपने दायित्वों के निर्वहन को और अधिक कुशलतापूर्वक सम्पादित कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि होमगार्ड्स अच्छा प्रशिक्षण प्राप्त करके अनुशासित ढंग से ईमानदारी के साथ निष्ठापूर्वक कार्य करें तो वे और अच्छी पहचान बना सकते हैं। मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित भवनों के निर्माण की कार्यदायी संस्था की सराहना करते हुए कहा कि इस संस्था ने भवनों का निर्माण कार्य समयबद्ध पूरा किया है। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के समय से पूरा नहीं होने पर राष्ट्रीय क्षति होती है, उनकी लागत बढ़ती है, जिसकी कीमत जनता और सरकार को चुकानी पड़ती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि होमगार्ड्स विभाग, पुलिस का महत्वपूर्ण सहयोगी बल है, अभी तक यह विभाग कई समस्याओं का सामना करता रहा है, पूर्व में इस संगठन को अपेक्षित महत्व नहीं दिया गया, स्वयंसेवकों की निरंतर ड्यूटी की भी समस्या रही है, जिसके मद्देनज़र भाजपा सरकार ने ड्यूटी अवसरों में वृद्धि की है। उन्होंने कहा कि होमगार्ड विभाग की मूलभूत समस्याओं को चिन्हित करते हुए उनके चरणबद्ध निराकरण की कार्ययोजना लागू की गई है, इन 16 महीने के दौरान राज्य सरकार ने इस संगठन की अनेक समस्याओं का समाधान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि होमगार्ड्स संगठन को समय की आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न अवसरों के लिए तैयार करना होगा, वे शांति व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और आपदा के समय पुलिस के सहयोगी संगठन के रूपमें 22 करोड़ जनता की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज सुरक्षा का कार्य एक चुनौती है और होमगार्ड्स सुरक्षा और खासतौर से महिला सुरक्षा के लिए उचित प्रशिक्षण प्राप्त कर समाज की बेहतर सेवा कर सकते हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि होमगार्ड्स संगठन इस बात पर भी विचार करे कि वह समाज के विभिन्न क्षेत्रों में क्या योगदान कर सकता है और इसके लिए वह प्रशिक्षण प्राप्तकर कार्य करे, यदि होमगार्ड्स संगठन इस दिशा में आगे बढ़ा तो उनकी निरंतर ड्यूटी की समस्या का निश्चित रूपसे समाधान होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में होमगार्ड्स की संख्या में 25,000 की बढ़ोतरी हुई है, होमगार्ड्स जवानों को इंसास राइफलें उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि होमगार्ड्स संगठन ने सामाजिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन कर पूरे प्रदेश में एक लाख पौधे रोपित किए थे, उनका इस वर्ष 11 लाख वृक्षारोपण का लक्ष्य है, जो निश्चित रूपसे पूरा होगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पौधा रोपितकर वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ भी किया। उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण एवं वृक्षारोपण से हम पर्यावरण सुरक्षा का कार्य बखूबी ढंग से कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पौधरोपण करना ही काफी नहीं है, बल्कि उसकी सुरक्षा और देखभाल भी किया जाना जरूरी है, जिससे वह पौधा वृक्ष का रूप ले सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्र सरकार ने नमामि गंगे परियोजना के लिए 20,000 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष बिजनौर से बलिया जनपद तक होमगार्ड्स संगठन ने ‘नमामि गंगे जागृति यात्रा’ का सफल आयोजन किया था, जिसको आगे बढ़ाते हुए स्वच्छता अभियान में भी होमगार्ड्स जवानों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि गंगाजी को प्रदूषणमुक्त करने की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है। गंगाजी को अविरल और निर्मल एवं प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जल संसाधनों सहित पर्यावरण की सुरक्षा हम सबका दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्लास्टिक के प्रतिबंध के लिए चरणबद्ध योजना बनाई गई है, पंद्रह अगस्त से प्लास्टिक के कप, प्लेट, चम्मच व गिलास एवं 2 अक्टूबर से डिस्पोज़बल प्लास्टिक को भी प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।
होमगार्ड्स राज्यमंत्री अनिल राजभर ने कहा कि होमगार्ड्स संगठन प्रदेश की जनता की सेवा के लिए संकल्पित है। अपर मुख्य सचिव होमगार्ड्स कुमार कमलेश ने संगठन के कार्यों और गतिविधियों पर प्रकाश डाला। पूर्व में मुख्यमंत्री को होमगार्ड्स ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। उन्होंने होमगार्ड्स संगठन के कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्मृतिचिन्ह, शॉल व पुस्तक भेंट की गई। वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल, सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, डीजीपी ओपी सिंह, शासन और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, होमगार्ड्स संगठन के अधिकारी, स्वयंसेवक एवं मीडियाकर्मी कार्यक्रम में उपस्थित थे। डीजी होमगार्ड्स डॉ सूर्य कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]