स्वतंत्र आवाज़
word map

'लोकप्रिय कवि भी हैं केशरी नाथ त्रिपाठी'

काव्य संग्रह 'मनोनुकृति' पर नृत्य नाटिका का मंचन

राम नाईक ने भी नृत्य नाटिका का अवलोकन किया

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 31 March 2018 01:24:37 PM

stage of dance drama on poetry collection in rai ummanath bali auditorium

लखनऊ। राज्यपाल राम नाईक ने राय उमानाथ बली प्रेक्षागृह में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी के काव्य संग्रह ‘मनोनुकृति’ पर संस्था दृश्य भारती के नृत्य नाटिका के मंचन का शुभारंभ किया। राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी को आना था, पर किसी कारण से वे नहीं आ सके हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का राज्यपाल बनने से पूर्व मैं उन्हें सफल अधिवक्ता, संसदीय परंपरा के ज्ञाता एवं सफल राजनीतिज्ञ के रूपमें जानता था, वे भी उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष थे और मैं मुंबई शहर का अध्यक्ष था। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के नाते उनकी सेवाएं सराहनीय रही हैं। उन्होंने कहा कि केशरी नाथ त्रिपाठी मुझसे लखनऊ में मिले और अपनी कविताओं का संग्रह भेंट किया तो पता चला कि वे एक अत्यंत लोकप्रिय कवि भी हैं, उनकी कविताएं हृदय छू लेने वाली हैं।
राज्यपाल राम नाईक ने कार्यक्रम में संस्था की ओर से डॉ हरिप्रसाद दुबे को साहित्य, नवाब मसूद अब्दुल्ला को लखनवी संस्कृति और कला के उन्नयन, सैय्यद मीसम अली को समाज सेवा, पुलिस अधिकारी सुनीता सिंह को कर्तव्यपरायणता, डॉ नीरा दीक्षित को कथक नृत्य, करिश्मा जायसवाल को समाज सेवा और कीर्ति उपाध्याय को महिला स्वावलम्बन जागरुकता के लिए स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। राम नाईक ने संस्था के 25 वर्ष पूर्ण होने पर पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कलाकारों का अभिनंदन किया और नृत्य नाटिका का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम में संस्था के महासचिव ने स्वागत उद्बोधन दिया और नवाब मीर अब्दुल्ला जाफर ने अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंटकर किया। कार्यक्रम में अतहर नबी, कार्यक्रम के निर्देशक आनंद शर्मा, संस्था के महासचिव प्रेमशंकर भारती और कलाप्रेमी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]