स्वतंत्र आवाज़
word map

पद्म सम्मान प्राप्तकर्ताओं का युद्ध स्मारक भ्रमण

'अपने सैनिकों के प्रति आदर व्‍यक्‍त करना बड़े सम्मान की बात है'

राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीद नायकों को पुष्पांजलि अर्पित की

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 29 March 2022 03:30:55 PM

war memorial tour of padma awardees

नई दिल्ली। पद्म सम्मान प्राप्तकर्ताओं के दूसरे बैच ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक का भ्रमण किया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कल राष्ट्रपति भवन में हुए नागरिक अलंकरण समारोह-II में वर्ष 2022 केलिए 2 पद्म विभूषण, 9 पद्म भूषण और 54 पद्मश्री सम्मान प्रदान किए। राष्ट्रीय युद्ध स्मारक का भ्रमण करने वालों में पद्म विभूषण प्राप्तकर्ता डॉ प्रभा अत्रे शामिल थीं, जिन्होंने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीद नायकों को पुष्पांजलि अर्पित करके उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
पद्मश्री से सम्मानित पोलैंड की प्रोफेसर मारिया क्रिज्‍सटॉफ बायरस्की, थाईलैंड की डॉ चिरपत प्रपंडविद्या, बसंती देवी, धनेश्वर इंगटी, गुरु टुल्कु रिनपोछे, प्रोफेसर हरमोहिंदर सिंह बेदी, सद्गुरु ब्रह्मेशानंद आचार्य स्वामीजी और अब्दुलखादर इमामसब नदकत्तिन भी इस अवसर पर मौजूद थे। राष्ट्रीय युद्ध स्मारक के भ्रमण दौरान सम्मानित गणमान्यों को सैन्‍य कर्मियों और सशस्त्र बलों के वीरतापूर्ण कार्यों के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक के भ्रमण का आयोजन करने केलिए सरकार की पहल की सराहना करते हुए कहाकि यह स्मारक देशभक्ति, कर्तव्य केप्रति समर्पण, साहस और सैनिकों के बलिदान के मूल्यों का प्रसार करता है।
पद्म सम्मान प्राप्तकर्ताओं ने लोगों और विशेष रूपसे युवाओं से अनुरोध किया कि वे इस स्मारक का भ्रमण करें और सैनिकों की वीरता की कहानियों केबारे में जानकारी प्राप्‍त करें। पद्म विभूषण प्राप्तकर्ता डॉ प्रभा अत्रे प्रसिद्ध भारतीय शास्त्रीय गायिका हैं। उन्होंने कहाकि हमारे लिए यहां आना और अपने सैनिकों केप्रति आदर व्‍यक्‍त करना हमारे लिए बड़े सम्मान की बात है, हमें वास्तव में उनपर गर्व है, क्योंकि वे हमारी रक्षा कर रहे हैं और हमारे राष्ट्र को आगे ले जा रहे हैं। पद्म भूषण से सम्मानित देवेंद्र झाझरिया, सच्चिदानंद स्वामी और पद्मश्री से सम्मानित सरदार जगजीत सिंह दर्दी, काजी सिंह और पंडित राम दयाल शर्मा सहित पद्म सम्मान 2022 का पहला बैच भी इस प्रतिष्ठित स्मारक का दौरा कर चुका है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]