भारत, अमेरिकी, जापान और ऑस्ट्रेलियाई नौसेना ले रही हिस्सा
नौसेना विशेषज्ञता एवं अनुभवों से लाभ प्राप्त करने का अवसरस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Thursday 26 August 2021 02:20:14 PM
नई दिल्ली। भारतीय नौसेना अमेरिकी नौसेना, जापान के समुद्री आत्मरक्षा बल और रॉयल ऑस्ट्रेलियाई नौसेना के साथ 29 अगस्त तक मालाबार अभ्यास 2021 के समुद्री चरण में भाग ले रही है। समुद्री नौसैन्य अभ्यास की मालाबार श्रृंखला वर्ष 1992 में आईएन-यूएसएन अभ्यास के रूपमें शुरू हुई थी, वहीं 2015 में जापानी समुद्री आत्मरक्षा बल मालाबार अभ्यास में एक स्थायी सदस्य के रूपमें शामिल हुआ था। वर्ष 2020 के अभ्यास संस्करण में रॉयल ऑस्ट्रेलियाई नौसेना ने भी इसमें हिस्सा लिया। इस वर्ष मालाबार नौसैन्य अभ्यास का 25वां संस्करण है, जिसकी मेजबानी अमेरिकी नौसेना पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र में कर रही है।
भारतीय नौसेना के आईएनएस शिवालिक और आईएनएस कदमत, पी8आई गश्ती विमान अभ्यास में भाग ले रहे हैं, इनका नेतृत्व फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग ईस्टर्न फ्लीट रियर एडमिरल तरुण सोबती कर रहे हैं। अमेरिकी नौसेना का प्रतिनिधित्व यूएसएस बैरी, यूएसएनएस रप्पाहनॉक, यूएसएनएस बिग हॉर्न और पी8ए गश्ती विमान से किया जाएगा। जापानी समुद्री आत्मरक्षा बल की एक पनडुब्बी और पी1 गश्ती विमान के अलावा जेएस कागा, मुरासामे और शिरानुई नौसैन्य अभ्यास में हिस्सा ले रहे हैं, जबकि रॉयल ऑस्ट्रेलियाई नौसेना का प्रतिनिधित्व एचएमएएस वाररामुंगा कर रहा है। भारतीय नौसेना के पोत गुआम से रवाना हुए, जहां उन्होंने 21 से 24 अगस्त तक ऑपरेशनल टर्न अराउंड में भाग लिया।
मालाबार नौसैन्य अभ्यास के इस चरण के दौरान फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ पूर्वी नौसेना कमान वाइस एडमिरल एबी सिंह ने अमेरिकी नौसेना में अपने समकक्षों के साथ विचारों का आदान-प्रदान किया। मालाबार-21 में सतह रोधी, वायु रोधी और पनडुब्बी रोधी युद्ध अभ्यास और अन्य सैन्य व्यूह अभ्यास तथा सामरिक अभ्यास सहित कई जटिल अभ्यास किए जाएंगे। अभ्यास में भाग लेने वाली नौसेनाओं को एक दूसरे की विशेषज्ञता एवं अनुभवों से लाभ प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। कोविड-19 वैश्विक महामारी के दौरान स्वास्थ्य प्रोटोकॉल का पालन करते हुए अभ्यास का संचालन, भाग लेने वाली नौसेनाओं और एक स्वतंत्र, खुले तथा समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र केलिए साझा दृष्टिकोण के बीच तालमेल का प्रमाण है।