स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत ने जीती कोरोना के खिलाफ बड़ी लड़ाई!

सीरम और भारत बायोटेक के टीकों को डीसीजीआई की मंजूरी

भारत के कोरोना से मुक्त राष्ट्र होने का रास्ता साफ हुआ-पीएम

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Sunday 3 January 2021 11:48:14 PM

pm narendra modi (file photo)

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया और भारत बायोटेक के टीकों को भारत के औषध महानियंत्रक यानी डीसीजीआई की मंजूरी मिलने पर इसे वैश्विक महामारी कोरोना के खिलाफ महत्वपूर्ण लड़ाई में भारत की स्थिति को मजबूत करने के लिए एक निर्णायक मोड़ करार दिया है। लगातार कई ट्वीट संदेशों में प्रधानमंत्री ने कहा है कि यह एक महत्वपूर्ण और निर्णायक क्षण! उन्होंने कहा कि कोरोना टीके को भारत के औषध महानियंत्रक की मंजूरी मिलने के बाद भारत के स्वस्थ और कोरोना मुक्त राष्ट्र होने का रास्ता साफ हो गया है भारत को बधाई! इस मुहिम में जुटे हमारे मेहनती वैज्ञानिकों और अन्वेषकों को बधाई!
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस उपलब्धि पर प्रत्येक भारतीय को गर्व होगा कि जिन दो वैक्सीन को आपातकालीन उपयोग की मंजूरी दी गई है, वे भारत में ही बनी हैं। उन्होंने कहा कि यह सफलता आत्मनिर्भर भारत के सपने को पूरा करने के लिए हमारे वैज्ञानिक समुदाय की उत्सुकता को दर्शाती है, जिसके मूल में ही करुणा और सेवाभाव निहित हैं। उन्होंने कहा कि अनेक विपरीत परिस्थितियों में भी उत्कृष्ट कार्यों के लिए हम डॉक्टरों, चिकित्सा कर्मचारियों, वैज्ञानिकों, पुलिसकर्मियों, स्वच्छता कार्यकर्ताओं और सभी कोरोना योद्धाओं के लिए बार-बार अपना आभार प्रकट करते हैं। उन्होंने कहा कि हम कई लोगों की जान बचाने के लिए उनके प्रति हमेशा ऋणी रहेंगे।
गृहमंत्री अमित शाह ने ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया द्वारा सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया और भारत बायोटैक की कोविड वैक्सीन को मंज़ूरी दिए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है। अमित शाह ने ट्वीट्स में कहा है कि भारत के लिए यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धि है, मैं अपने प्रतिभाशाली और परिश्रमी वैज्ञानिकों को भारत को गौरवांवित करने के लिए सलाम करता हूं। उन्होंने कहा-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत को कोविड मुक्त बनाने के प्रयास के लिए शुभकामनाएं! केंद्रीय गृहमंत्री ने यह भी कहा कि दूरदर्शी नेतृत्व एक बहुत बड़ा परिवर्तन ला सकता है और हमने हर बार यह देखा है कि संकट के समय मानवता की भलाई और नवाचार के लिए न्यू इंडिया हमेशा तत्पर रहता है, मेड इन इंडिया वैक्सीन को मंज़ूरी प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के स्वप्न को आगे बढ़ाने में गेम चैंजर साबित होगी।
अमित शाह ने कहा कि हम इस चुनौतीपूर्ण समय में पूरी निष्ठा के साथ मानवता की सेवा करने वाले हमारे वैज्ञानिकों, डॉक्टरों, मेडिकल स्टाफ़, सुरक्षाकर्मियों और कोरोना वॉरियर्स का दिल से धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र मानवता की निःस्वार्थ सेवा के लिए हमेशा उनके प्रति कृतज्ञ रहेगा। उधर भारत के सक्रिय मामलों में लगातार गिरावट जारी है। कुल सक्रिय मामलों संख्या आज 2.5 लाख (2,47,220) से नीचे पहुंच गई है। यह प्रतिदिन नए रोगियों के स्वस्थ होने के मामलों की दर के बढ़ने और मृत्युदर में कमी आने के कारण सम्भव हुआ है। भारत के वर्तमान सक्रिय मामलों में कुल पुष्टि हुए मामले केवल 2.39 प्रतिशत हैं। पिछले 24 घंटों में 20,923 रोगी स्वस्थ हुए हैं और सक्रिय मामलों में 2,963 की गिरावट आई है। पिछले 37 दिन से देश में दर्ज स्वस्थ मामलों की संख्या दैनिक नए मामलों की तुलना में अधिक है। पिछले 24 घंटों में दैनिक नए मामलों की संख्या 18,177 है, जबकि 20,923 रोगी स्वस्थ हुए हैं और इन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
कोरोना से स्वस्थ हुए रोगियों के मामलों की संख्या में वृद्धि से आज रिकवरी दर में 96.16 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है। कुल स्वस्थ हुए मामलों की संख्या 99,27,310 है। ठीक हुए मामलों की संख्या और सक्रिय मामलों की संख्या के बीच अंतराल निरंतर बढ़ रहा है और वर्तमान में यह 96,80,090 पर है। नए स्वस्थ हुए मामलों में से 78.10 प्रतिशत 10 राज्यों या संघ शासित प्रदेशों से हैं। केरल ने एक दिन में 4,985 नए अधिकतम रोगी स्वस्थ होने की जानकारी दी है। महाराष्ट्र में स्वस्थ हुए रोगियों की संख्या 2,110 है और इसके बाद छत्तीसगढ़ में स्वस्थ हुए लोगों की संख्या 1,963 है। ऐसे ही 81.81 प्रतिशत नए मामलों की पुष्टि 10 राज्यों और संघ शासित प्रदेशों से की गई हैं। केरल में सबसे अधिक दैनिक 5,328 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 3,218 नए मामलों की पुष्टि की गई है। छत्तीसगढ़ में 1,147 नए मामले दर्ज किए गए हैं। पिछले 24 घंटों में 217 मृत्यु दर्ज की गई हैं। दस राज्यों या संघ शासित प्रदेशों क्षेत्रों में 69.59 प्रतिशत नई मृत्यु दर्ज की गई है। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मृत्यु (51) दर्ज हुईं है। पश्चिम बंगाल और केरल में क्रमशः 28 और 21 दैनिक मृत्यु दर्ज की गई है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]