स्वतंत्र आवाज़
word map

'सिख परम्परा का इतिहास अत्यंत गौरवशाली'

श्रीगुरु नानक देवजी के 550वें प्रकाशोत्सव कार्यक्रम में याोगी

'श्रीगुरु नानक देवजी सम्पूर्ण मानवता के लिए प्रेरणापुंज हैं'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 13 November 2019 04:17:53 PM

550th prakashotsava of shri guru nanak devji at dav college

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि श्रीगुरु नानक देवजी सम्पूर्ण मानवता के लिए प्रेरणापुंज हैं। उन्होंने कहा कि सिख परम्परा का इतिहास अत्यंत गौरवशाली है, इस परम्परा के त्याग और बलिदान की गाथा को विस्मृत नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि सिख समाज में परिश्रम का विशेष महत्व है, इसलिए परिश्रम से प्राप्त अंश को सबके साथ साझा करना चाहिए, यही भारत की वसुधैव कुटुम्बकम की अवधारणा भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीगुरु नानक देवजी ने अपने संदेशों के माध्यम से समाज का मार्गदर्शन किया, उनके तीन सिद्धांत किरत करो, नाम जपो एवं वंड छको हमें जीवन के प्रति जाग्रत करते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डीएवी कॉलेज में साहिब श्रीगुरु नानक देवजी महाराज के 550वें प्रकाशोत्सव कार्यक्रम में ये विचार व्यक्त किए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्रीगुरु नानक देवजी ने सदैव सत्य के मार्ग पर चलने के जो संदेश दिए, वे आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं और गुरु परम्परा के संस्कारों का ही परिणाम है कि आज भी सिख समाज द्वारा संचालित लंगर में सभी जाति, मत, मजहब के लोगों का स्वागत होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश-दुनिया में जहां भी गुरुद्वारा है, वहां कोई भूखा नहीं रहता है। उन्होंने कहा कि श्रीगुरु नानक देवजी ने मानवता के कल्याण के लिए अनेक यात्राएं कीं, वृहत्तर भारत के अतिरिक्त उन्होंने अन्य देशों की यात्राएं कीं और अपनी आध्यात्मिक शक्ति से लोगों को सद्मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भक्ति की शक्ति है, जो लोगों को सद्मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करती है तथा धर्म पर आंच आने पर सत्य के संधान हेतु प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि यही सिख परम्परा भी है, भक्ति, शक्ति, पुरुषार्थ तथा परिश्रम में प्रत्येक सिख अग्रणी रहता है, यह समाज अपने पुरुषार्थ और परिश्रम से अपना स्थान बना रहा है एवं सिख समाज की प्रगति और सफलता में गुरुकृपा का भी योगदान है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्रीगुरु नानक देवजी के जीवन से जुड़े स्थलों को पर्यटन के रूपमें विकसित करने के लिए पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता है कि भावी पीढ़ी को श्रीगुरु नानक देवजी के जीवनदर्शन से अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से करतारपुर साहिब के दर्शन सुगम हो सके हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सरोपा, शॉल एवं कृपाण तथा गुरुद्वारे का प्रतीक चिन्ह भी भेंट किया गया। मुख्यमंत्री ने मंत्रिपरिषद के सदस्यों और सिख समाज के प्रमुख संतों के साथ बैठकर लंगर में प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा, राज्यमंत्री बलदेव सिंह ओलख, आशुतोष टंडन, डॉ महेंद्र सिंह, ब्रजेश पाठक, लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया, विधायक सुरेश तिवारी, अपर मुख्य सचिव गृह एवं सूचना अवनीश कुमार अवस्थी, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार राजेंद्र सिंह बग्गा और सिख समुदाय से गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]