स्वतंत्र आवाज़
word map

आईएनएस तरकश लागोस बंदरगाह पहुंचा

भारत-नाइजीरिया के राजनयिक संबंधों की 60वीं जयंती

एनएनएस यूनिटी के साथ समुद्र में पैसेज एक्‍सरसाइज

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 6 September 2019 02:12:12 PM

ins quiver reached nigerian port

लागोस। भारतीय नौसेना का जहाज तरकश अपनी तीन दिवसीय यात्रा पर नाइजीरिया के बंदरगाह लागोस पर पहुंच चुका है। इस यात्रा का आयोजन भारत और नाइजीरिया में राजनयिक संबंधों की स्‍थापना की 60वीं जयंती का समारोह मनाने के लिए किया गया है। भारतीय नौसेना में कैप्‍टन सतीश वासुदेव की कमान वाला आईएनएस तरकश नौसेना के सबसे शक्तिशाली फ्रंटलाइन फ्रिगेट्स में से एक है, यह हथियारों, सेंसरों की बहुमुखी रेंज से लैस है। आईएनएस तरकश भारतीय नौसेना के पश्चिमी बेड़े का हिस्‍सा है और मुंबई स्थित फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ पश्चिमी नौसेना कमान की परिचालन कमान के अधीन है।
भारत और नाइजीरिया के बीच सहयोग को और गति देने के लिए नाइजीरिया के नौसेना अधिकारियों के साथ पेशेवर बातचीत की योजना है। इसके अलावा दोनों नौसेनाओं के बीच सामाजिक गतिविधियों और खेलों का आयोजन भी किया जाएगा। तरकश 8 सितम्‍बर 2019 को एनएनएस यूनिटी के साथ समुद्र में पैसेज एक्‍सरसाइज का आयोजन करेगा, जिससे दोनों नौसेनाओं के बीच अंतर सक्रियता को बढ़ावा मिलेगा। भारत और नाइजीरिया के बीच परंपरागत रूपसे घनिष्‍ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। दोनों देश लोकतंत्र, विकास और धर्मनिरपेक्षता के मूल्‍यों को साझा करते हैं।
रक्षा सहयोग और सांस्‍कृतिक आदान-प्रदान के लिए दोनों देशों में अनेक द्विपक्षीय प्रबंध मौजूद हैं। भारतीय सशस्‍त्र बल नाइजीरियाई सशस्‍त्र बलों के लिए भारत में विभिन्‍न प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करते हैं। ज्ञातव्य है कि नाइजीरिया के राष्‍ट्रपति मोहम्‍मद गुहारी भी डिफेंस सर्विसेज के स्‍टॉफ कॉलेज वेलिंगटन के पूर्व छात्र हैं। भारतीय नौसेना मैत्रीपूर्ण संबंध स्‍थापित करने और मैत्रीपूर्ण देशों के साथ अंतर्राष्‍ट्रीय सहयोग को मजबूत बनाने के लिए अपने मिशन के एक हिस्‍से के रूपमें भारतीय नौसेना के जहाजों को नियमित रूपसे विदेशों में तैनात करती है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]