स्वतंत्र आवाज़
word map

लेह-लद्दाख में 17 से रंगारंग आदि महोत्सव

'जनजातीय कला, संस्कृति और वाणिज्य का उत्सव'

जनजातीय कार्य मंत्रालय और ट्राइफेड का आयोजन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 16 August 2019 03:25:27 PM

colorful adi festival in leh-ladakh

लेह-लद्दाख। लेह-लद्दाख में 17 से 25 अगस्त तक रंगारंग आदि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसका आयोजन जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार और भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास संघ (ट्राइफेड) की ओर से किया जा रहा है। लेह-लद्दाख के पोलो ग्राउंड में होने वाले नौ दिवसीय इस महोत्सव का उद्घाटन जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक कल शाम करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय जनजातीय कार्यमंत्री अर्जुन मुंडा, जनजातीय कार्य राज्यमंत्री रेणुका सिंह और ट्राइफेड के अध्यक्ष आरसी मीणा भी उपस्थित रहेंगे।
आदि महोत्सव का विषय 'जनजातीय कला, संस्कृति और वाणिज्य की भावना का उत्सव' है। इसमें ट्राइफेड 'सेवा प्रदाता' एवं 'मार्केट डेवलपर' की भूमिका निभाएगा। महोत्सव में देशभर के 20 से ज्यादा राज्यों के लगभग 160 जनजातीय कारीगर सक्रिय रूपसे भाग लेंगे और अपनी उत्कृष्ट कारीगरी का प्रदर्शन करेंगे। महोत्सव में प्रदर्शित किए जाने वाले उत्पादों में राजस्थान, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल से जनजातीय वस्त्र, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर से जनजातीय आभूषण, मध्य प्रदेश से गोंड चित्रकला जैसी जनजातीय चित्रकारी, महाराष्ट्र से वार्ली कला, छत्तीसगढ़ से धातु शिल्प, मणिपुर से ब्लैक पॉट्री और उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और कर्नाटक से ऑर्गेनिक उत्पाद शामिल हैं।
आदि महोत्सव के दौरान दो प्रतिष्ठ स्थानीय सांस्कृतिक समूह लद्दाखी लोक नृत्य प्रस्तुतकरेंगे। यह समूह जाबरो नृत्य और स्पाओ नृत्य प्रस्तुत करेंगे। महोत्सव के दौरान जनजातीय कार्य मंत्रालय की वनधन योजना के अंतर्गत मूल्य वर्धन और विपणन किए जा सकने वाले खाद्य एवं वन उत्पादों और ट्राइब्स इंडिया के आपूर्तिकर्ताओं के रूपमें पैनल में शामिल कारीगर और शिल्पकार तथा लद्दाख की महिलाओं की पहचान की जाएगी। इन उत्पादों को देशभर में ट्राइब्स इंडिया के संचालित 104 खुदरा दुकानों और दुनियाभर के 190 देशों में एमेजॉन के माध्यम से बेचा जाएगा, जिसके साथ ट्राइब्स इंडिया का करार है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]