स्वतंत्र आवाज़
word map

'महिला सशक्तिकरण पर केंद्र का फोकस'

सरकार की नीतियां व कार्यक्रम महिला केंद्रित-स्मृति ईरानी

मुंबई में पश्चिमी राज्यों व हितधारकों का क्षेत्रीय सम्मेलन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 13 April 2022 01:38:29 PM

government policies and programs women centric-smriti irani

मुंबई। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा हैकि महिलाओं का स्वास्थ्य और सशक्तिकरण सरकार के कार्यक्रमों एवं नीतियों का अभिन्न अंग बन गए हैं। मुंबई में पश्चिमी क्षेत्र के राज्यों और हितधारकों के क्षेत्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्मृति ईरानी ने कहाकि सरकार बहुक्षेत्रीय दृष्टिकोण केसाथ चुनौतियों का समाधान करके महिलाओं के स्वाभिमान की रक्षा केलिए प्रतिबद्ध है। क्षेत्रीय सम्मेलन का फोकस तीन महत्वपूर्ण विषयों जैसे-महिलाओं और बच्चों के पोषण से संबंधित मिशन पोषण 2.0, महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित मिशन शक्ति और प्रत्येक बच्चे केलिए एक खुशहाल एवं स्वस्थ बचपन हासिल करने के उद्देश्य से मिशन वात्सल्य पर है।
स्मृति ईरानी ने केंद्रीय बजट 2022-23 का उल्लेख करते हुए बतायाकि महिलाओं से संबंधित कार्यक्रमों केलिए आवंटन में 14 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। उन्होंने कहाकि केंद्रीय बजट 2022-23 में हमारे देशमें महिलाओं केलिए 1.71 लाख करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। उन्होंने कहाकि हम पहली सरकार और ऐसा पहला देश हैं, जिसने हमारे अंतर-सरकारी वित्तीय हस्तांतरण में लिंग घटक को अभिन्न अंग बनाया है। स्मृति ईरानी ने कहाकि यह एक प्रशासनिक विरासत रही हैकि राज्य वित्तीय वर्षके अंतमें योजनाओं को लागू करने में आई चुनौतियों की बात करते हुए केंद्र केपास आते हैं, इस मुद्दे को हल करने केलिए केंद्र लगातार राज्यों और हितधारकों तक सहकारी संघवाद की भावना से संपर्क कर रहा है, इसलिए देशभर में क्षेत्रीय सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं।
स्मृति ईरानी ने कहाकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बार-बार कहा हैकि विकास तभी संभव होगा, जब राज्य सहकारी संघवाद की सच्ची भावना से केंद्र के सहयोग से काम करेंगे। इस अवसर पर महाराष्ट्र की महिला एवं बाल विकास मंत्री यशोमती ठाकुर और महाराष्ट्र सरकार में महिला एवं बाल विकास सचिव आईए कुंदन ने सम्मेलन को संबोधित किया। इस एक दिवसीय सम्मेलन में महाराष्ट्र, गोवा, गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश और केंद्रशासित प्रदेश दादरा-नागर हवेली, दमन एवं दीव के प्रतिनिधियों और हितधारकों ने भाग लिया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]