स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Thursday 7 August 2025 05:59:14 PM
नई दिल्ली। केंद्रीय ग्रामीण विकास और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर आज कृषि भवन नई दिल्ली से स्वयं सहायता समूहों की लाखों दीदियों केसाथ वर्चुअल संवाद किया। शिवराज सिंह ने कहाकि महिलाएं शक्ति का स्वरूप और रचनात्मकता का अद्वितीय उदाहरण हैं और स्वयं सहायता समूह की दीदियों के अद्भुत कौशल ने स्थानीय कला व संस्कृति को जीवंत करने का बड़ा काम किया है, उनकी कलाकृतियां भारत की सांस्कृतिक पहचान स्थापित करने और लोक कलाओं को अभिव्यक्त करने का माध्यम बनी हैं। उन्होंने कहाकि हथकरघा स्वावलंबन से जुड़ा विषय है, हथकरघा, आजादी के अहिंसक आंदोलन का हथियार भी रहा, हजारों साल पहले से ग्रामीण कारीगरों की अद्भुत कलाओं ने ना केवल भारत, बल्कि दुनिया के देशों में अपनी उल्लेखनीय पहचान स्थापित की। उन्होंने देशवासियों का आह्वान किया हैकि स्वदेशी अपनाएं और स्वाभिमान बढ़ाएं!
शिवराज सिंह ने कहाकि मार्केटिंग और ब्रांडिंग को लेकर बहनों ने कुछ विषय संज्ञान में लाए हैं, जिनपर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए काम किया जाएगा। उन्होंने कहाकि आज का समय डिजाइन की मांग पर आधारित है, इसी दिशामें प्रशिक्षण को लेकर आगे कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की दीदियों से प्रतिस्पर्धा में बने रहने केलिए उत्पादों की गुणवत्ता सदैव उच्च बनाने रखने का भी आह्वान किया। शिवराज सिंह चौहान ने कहाकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को स्वदेशी उत्पाद अपनाने का मंत्र दिया है, आज फिरसे स्पष्ट कियाकि दुनिया में कोईभी समझौता देश के किसानों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को नजरअंदाज करके नहीं किया जाएगा, राष्ट्रीय हित सर्वोपरि है, उससे समझौता बिल्कुल नहीं होगा, चाहे उसके लिए उन्हें स्वयं व्यक्तिगत क्षति ही क्यों ना उठानी पड़े। उन्होंने कहाकि भारत स्वाभिमान से खड़ा रहेगा और देश के नागरिकों के हितों की सदैव सुरक्षा की जाएगी, इसलिए हम सभीको राष्ट्र प्रथम के भाव को ऊपर उठाते हुए अपने ही देश में निर्मित उत्पादों की ओर रुख करना चाहिए।
ग्रामीण विकास मंत्री ने स्वयं सहायता समूहों की दीदियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी पर प्रसन्नता जताते हुए कहाकि अबतक देश में डेढ़ करोड़ से ज्यादा दीदियां लखपति बन चुकी हैं, दो करोड़ लखपति दीदियां बनाने की दिशा में हम अग्रसर हैं और जल्द 3 करोड़ दीदियों को लखपति बनाने के लक्ष्य की पूर्ति कर ली जाएगी। स्वेदशी अपनाने के संकल्प को दोहराते हुए केंद्रीय मंत्री ने देशवासियों का आह्वान कियाकि आबादी को ही ताकत में बदलने का काम करें, रक्षाबंधन एवं आगामी उत्सवों व त्योहारों में देश में निर्मित उत्पादों का ही प्रयोग करें। उन्होंने कहाकि अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत करने केलिए हमें वोकल फार लोकल की दिशामें ही आगे बढ़ना होगा। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूह की दीदियों ने अपने उत्पाद भी प्रदर्शित किए, जिनका शिवराज सिंह चौहान ने अवलोकन किया और उनकी मेहनत की सराहना की। केंद्रीय मंत्री के समक्ष विभिन्न राज्यों की स्वयं सहायता समूह की दीदियों ने अनुभव साझा करते हुए बतायाकि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय से संचालित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से उनके जीवन में ना केवल आर्थिक स्थिरता आई है, बल्कि मिशन के योगदान से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा भी बढ़ी है। कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री चंद्रशेखर पेम्मासानी, ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव शैलेश कुमार सिंह और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।