स्वतंत्र आवाज़
word map

हज 2022 केलिए ऑनलाइन आवेदन शुरू

इसबार भारतीय हजयात्री स्वदेशी उत्पादों केसाथ जाएंगे हज

अल्पसंख्यक कार्यमंत्री ने मुंबई के हज हाउस में की घोषणा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 2 November 2021 03:35:11 PM

minority affairs minister announced at haj house in mumbai

मुंबई। हज 2022 केलिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया एक नवंबर से शुरू हो गई है। केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने मुंबई के हज हाउस में इसकी घोषणा की। उन्होंने कहाकि हज 2022 का आयोजन महत्वपूर्ण सुधारों और बेहतर सुविधाओं के साथ किया जा रहा है। मुख्तार अब्बास नकवी ने कहाकि हज प्रक्रिया शत-प्रतिशत ऑनलाइन है, लोग ऑनलाइन और आधुनिक सुविधाओं से लैस हज मोबाइल ऐप केजरिए भी आवेदन कर सकते हैं, हज 2022 केलिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2022 है। ऐप को हज ऐप इन योर हैंड टैगलाइन केसाथ अपग्रेड किया गया है, इसमें कई नई विशेषताएं शामिल हैं, जिनमें अक्सर पूछे जानेवाले प्रश्न, आवेदनपत्र भरने की जानकारी और आवेदकों को बहुत ही सरल तरीके से फॉर्म भरने की जानकारी देने वाले वीडियो शामिल हैं।
अल्पसंख्यक कार्यमंत्री ने कहा कि इसबार भारतीय हजयात्री स्वदेशी उत्पादों केसाथ हज पर जाएंगे और वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देंगे। उन्होंने कहाकि पहले हज यात्री सऊदी अरब में विदेशी मुद्रा में चादर, तकिए, तौलिया, छाता और अन्य सामान खरीदते थे, इस बार इनमें से अधिकांश स्वदेशी सामान भारत में भारतीय मुद्रा में खरीदा जाएगा, जहां ये सामान भारत में सऊदी अरब की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत कम कीमतों पर उपलब्ध होगा, वहीं यह स्वदेशी और वोकल फॉर लोकल को भी प्रोत्साहित करेगा, ये सभी सामान हज यात्रियों को भारत में उनके संबंधित यात्रा के शुरुआती बिंदुओं पर दिए जाएंगे। मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि दशकों से हज यात्री सऊदी अरब में इन सभी वस्तुओं को विदेशी मुद्रा में खरीदते थे, दिलचस्प बात यह है कि इनमें से अधिकांश वस्तुएं मेड इन इंडिया थीं, जिन्हें विभिन्न कंपनियां भारत से खरीदती थीं और सऊदी अरब में हज यात्रियों को दोगुनी या तिगुनी कीमत पर बेचती थीं। उन्होंने कहाकि एक अनुमान के अनुसार इस व्यवस्था से भारतीय हज यात्रियों को करोड़ों रुपये की बचत होगी, भारत से हर साल दो लाख यात्री हज पर जाते हैं।
मुख्तार अब्बास नकवी ने कहाकि हज 2022 के दौरान कोविड-19 प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए हज यात्रियों की चयन प्रक्रिया भारत तथा सऊदी अरब सरकार के तय दिशा-निर्देश एवं मानदंड के हिसाब से दोनों खुराकों के साथ पूर्ण टीकाकरण के आधार पर की जाएगी। मुख्तार अब्बास नकवी ने कहाकि अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, नागरिक उड्डयन मंत्रालय, भारत की हज समिति, सऊदी अरब में भारतीय दूतावास एवं जेद्दा में भारत के महावाणिज्य दूत और अन्य एजेंसियों के बीच महामारी की चुनौतियों के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विचार-विमर्श के बाद हज 2022 की पूरी प्रक्रिया तैयार की गई है। उन्होंने कहाकि हज 2022 केलिए यात्रा के शुरुआती बिंदु 21 से घटाकर 10 कर दिए गए हैं, इनमें दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, अहमदाबाद, हैदराबाद, बेंगलुरु, लखनऊ, कोचीन, गुवाहाटी और श्रीनगर हैं।
दिल्ली के शुरुआती बिंदु के दायरे में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, उत्तराखंड, राजस्थान, उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिले आएंगे। मुंबई के शुरुआती बिंदु के दायरे में महाराष्ट्र, गोवा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दमन और दीव, दादरा और नगर हवेली आएंगे। कोलकाता के दायरे में पश्चिम बंगाल, ओडिशा, त्रिपुरा, झारखंड और बिहार आएंगे। अहमदाबाद के दायरे में पूरा गुजरात आएगा। बेंगलुरु के शुरुआती बिंदु के दायरे में पूरा कर्नाटक और आंध्र प्रदेश का चित्तूर जिला आएगा। हैदराबाद के दायरे में आंध्र प्रदेश और तेलंगाना आएंगे। लखनऊ के दायरे में उत्तर प्रदेश के पश्चिमी भागों को छोड़कर बाकी सभी हिस्से आएंगे। कोचीन के दायरे में केरल, लक्षद्वीप, पुडुचेरी, तमिलनाडु तथा अंडमान और निकोबार आएंगे। गुवाहाटी के दायरे में असम, मेघालय, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और नागालैंड आएंगे। श्रीनगर के शुरुआती बिंदु के दायरे में जम्मू-कश्मीर, लेह-लद्दाख-कारगिल आएंगे।
मुख्तार अब्बास नकवी ने कहाकि हज यात्रियों को डिजिटल हेल्थ कार्ड ई-मसीहा स्वास्थ्य सुविधा और मक्का-मदीना में ठहरने एवं परिवहन के संबंध में सभी जानकारी उपलब्ध कराने केलिए ई-लगेज प्री-टैगिंग प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहाकि 3,000 से अधिक महिलाओं ने हज 2020 और 2021 के लिए बिना मेहरम यानी पुरुष साथी श्रेणी के तहत आवेदन किया था। उन्होंने कहाकि यदि वे हज 2022 करने केलिए जाना चाहें तो उनके आवेदन हज 2022 केलिए भी पात्र होंगे। बिना मेहरम श्रेणी के अंतर्गत आनेवाली सभी महिलाओं को लॉटरी प्रणाली से छूट दी जाएगी। मुंबई में सऊदी अरब के उप महावाणिज्य दूत मोहम्मद अब्दुल करीम अल-एनाजी, केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की संयुक्त सचिव निगार फातिमा, हज कमेटी ऑफ इंडिया के सीईओ (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) मोहम्मद याकूब शेख और वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे। हज मोबाइल ऐप का लिंक https://play.google.com/store/apps/details?id=com.hajapp.hcoi है। सऊदी अरब सरकार की हज संबंधी सेवाओं की जानकारी लिंक https://www.haj.gov.sa/en/InternalPages/Details/10234 पर लें।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]