स्वतंत्र आवाज़
word map

रघुवर दास मजदूर ने झारखंड की सत्ता संभाली

नरेंद्र मोदी और अमित शाह की सोशल इंजीनियरिंग चली

बिरसा मुंडा स्टेडियम में दसवें मुख्यमंत्री पद की शपथ

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Sunday 28 December 2014 01:17:05 AM

raghuvar das took charge of jharkhand cm

रांची। भाजपा गठबंधन के दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में गैर आदिवासी और पिछड़े वर्ग के ताकतवर मजदूर नेता रघुवर दास ने आज दसवें मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ नीलकंठ सिंह मुंडा, चंद्रेश्वर प्रसाद सिंह, चंद्र प्रकाश चौधरी और लुईस मरांडी ने भी कैबिनेट मंत्री की शपथ ग्रहण की। झारखंड के राज्यपाल डॉ सैयद अहमद ने उन्हें शपथ दिलाई। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को भी शामिल होना था, लेकिन घना कोहरा सामने आ गया, जिससे वे नहीं आ सके।
झारखंड के निर्माण के चौदह वर्ष बाद भाजपा-आल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के चुनाव पूर्व गठबंधन ने 81 सदस्यीय विधानसभा में 42 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत हासिल किया है, जिसमें रघुवर दास राज्य के दसवें मुख्यमंत्री हुए। रघुवर दास ने शनिवार को नई दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात करके राज्य में अपनी सरकार के गठन के संबंध में विचार विमर्श किया। झारखंड के 59 वर्षीय भाजपा नेता रघुवर दास ने कहा कि मैं पार्टी के निर्देशों के अनुरूप काम करूंगा, सरकार गठन में आदिवासी विधायकों को खास तवज्जो देनी होगी, जो कि राज्य में सबसे बड़ा समुदाय है। शुक्रवार को भाजपा विधायकों की बैठक में भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद रघुवर दास ने मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण में अतिथियों को आमंत्रित किया। शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि जाति, वर्ग, संप्रदाय के बंधन को तोड़ना है और मिलजुलकर विकास की राजनीति करनी है।
राजनीतिक अस्‍थिरता, नक्सलवाद, घोटालों से घिरे खनिज सम्पदा से अच्छादित और समृद्धशाली इस राज्य को पहली बार स्थिर सरकार मिली है। अभी तक आदिवासी समुदाय से ही यहां मुख्यमंत्री होते आए हैं। यह पहला मौका है, जब एक गैर आदिवासी को मुख्यमंत्री बनाया गया है। रघुवर दास की भाजपा के पिछड़े वर्ग के प्रचंड नेताओं में गिनती है। उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि एक मजदूर परिवार है। वे झारखंड के उपमुख्यमंत्री रह चु‌के हैं और इस समय भाजपा के उपाध्यक्ष थे। उनके साथ मंत्रिपद की शपथ लेने मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा खूंटी से विधायक हैं और अर्जुन मुंडा के बहुत करीबी हैं। नीलकंठ सिंह मुंडा ने रघुवर दास का मुख्यमंत्री पद के लिए नाम प्रस्तावित किया। चंद्रेश्वर प्रसाद सिंह रांची से पांचवीं बार विधायक हैं, वे झारखंड के विधानसभा अध्यक्ष भी रह चुके हैं, भाजपा के बड़े नेता हैं और इस बार मुख्यमंत्री पद के दावेदार भी थे। चंद्रप्रकाश चौधरी रामगढ़ से आजसू के तीसरी बार विधायक हैं और झारखंड सरकार में विज्ञान एवं तकनीकि मंत्री रह चुके हैं। लुईस मरांडी दुमका में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को हराकर आई हैं, वह इस सरकार का अल्पसंख्यक चेहरा हैं। फिलहाल रघुवर दास का इतना ही मंत्रिमंडल है, जिसका जल्द ही विस्तार होने की आशा है।
झारखंड के कैबिनेट व गृह सचिव एनएन पांडेय ने बताया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को यहां मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबाल स्टेडियम में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में सम्मिलित होंगे। उन्होंने बताया था कि प्रधानमंत्री के अलावा अब तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्रियों राजनाथ सिंह, वेंकैया नायडू, रामविलास पासवान, उपेंद्र कुशवाहा और सुदर्शन भगत के भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की पुष्टि हो गई है। झारखंड के राज्यपाल के प्रमुख सचिव आरएस पोद्दार ने बताया था कि दिल्ली में मौसम संबंधी दिक्कतों को देखते हुए प्रधानमंत्री के विमान को अगर दिल्ली से उड़ान भरने में देरी होती है तो शपथ ग्रहण का कार्यक्रम प्रधानमंत्री के यहां पहुंचने के बाद ही होगा, लेकिन खराब मौसम के कारण वे नहीं आ सके।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]