स्वतंत्र आवाज़
word map

पंजाब में आप के सर्वे में बने मान मुख्यमंत्री

आम आदमी पार्टी ने भगवंत मान को सीएम का चेहरा बनाया

मुफ्तखोरी के लालच में पंजाब के लोगों को फंसा रही है आप

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 18 January 2022 01:48:38 PM

aam aadmi party made bhagwant mann the face of cm

मोहाली/ चंडीगढ़। शराब पीकर संसद में आने वाले, संसद के भीतर कार्रवाई का वीडियो बनाने वाले पंजाब के संगरूर क्षेत्र से दूसरी बार सांसद भगवंत सिंह मान को आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया है। 'आप' और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का दावा हैकि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने जा रही है और एक सर्वे में भगवंत सिंह मान पंजाब के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं, जो तीन करोड़ लोगों की पसंद पाए गए हैं। उनका कहना है कि उनके नेतृत्व में पंजाब का विकास होगा। अरविंद केजरीवाल ने उनकी घोषणा को पंजाब केलिए ऐतिहासिक दिन बताया है।
आम आदमी पार्टी मुफ्तखोरों की पार्टी मानी जाती है। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल ने जनता के सामने वही मुद्दे और वादे रखे हैं, जो उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव में रखे थे। मुफ्त बिजली और पानी और हर क्षेत्र में आम जनता को मुफ्त की आदत डालने के लिए विख्यात अरविंद केजरीवाल ने जनता की यही कमजोर नब्ज़ पकड़ रखी है। अकेली यही पार्टी है, जो चुनाव जीतने केलिए जनता को मुफ्तखोरी के जाल में फंसाती आ रही है। पंजाब की जनता किसानी और अपने दूसरे व्यवसायों पर निर्भर है, लेकिन अरविंद केजरीवाल ने उसे भी मुफ्तखोरी के सब्ज़बाग दिखाए हैं। पंजाब की जनता कितनी आम आदमी पार्टी की चपेट में आएगी, कहा नहीं जा सकता, क्योंकि अब जनता में भी बिकने का चलन अपने चरम पर है।
आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भी मुफ्तखोरी का कार्ड चलाया है। आम आदमी पार्टी की इन दोनों राज्यों में सक्रियता देखी जा सकती है। आप ने यहां भी मुफ्त बिजली पानी जैसे मुद्दे प्रस्तुत किए हैं। आम आदमी पार्टी के नेता और सांसद संजय सिंह उत्तर प्रदेश में काफी समय से अपने राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित करते आ रहे हैं, लेकिन जो वातावरण है, उसमें आम आदमी पार्टी को फिलहाल गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है और इसे वोट कटवा के रूपमें देखा जा रहा है। दिल्ली के बाद आम आदमी पार्टी का पंजाब में प्रभाव देखा जाता है और उसे उम्मीद है कि वहां की अकाली और कांग्रेस राजनीति में उठापटक का लाभ मिलेगा। पंजाब में आम आदमी पार्टी के तथाकथित सर्वे के दावे में देखना होगा कि आगे क्या होता है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]