स्वतंत्र आवाज़
word map

जनभवन लखनऊ में होली मिलन कार्यक्रम

राज्यपाल को होली की बधाई देने पहुंचे राजनेता और अधिकारी

समाज के समग्र हित में सकारात्मक सोच रखें-राज्यपाल आनंदीबेन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 6 March 2026 03:59:04 PM

holi milan program at jan bhavan lucknow

लखनऊ। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा हैकि होली के पीछे का तथ्य रहस्य और उद्देश्य समाज में एकता एवं सद्भाव से समृद्धशाली सोच रखते हैं, प्रत्येक व्यक्ति को अपने भीतर के अवगुणों और बुराइयों को त्यागकर सकारात्मक सोच केसाथ समाज के समग्र हित में कार्य करना चाहिए। राज्यपाल को होली की शुभकामनाएं देने राज्य के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यमंत्री उच्चशिक्षा रजनी तिवारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, विश्वविद्यालयों के कुलपति और गणमान्य नागरिक होली की शुभकामनाएं देने जनभवन आए थे। राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी डॉ सुधीर महादेव बोबडे, जनभवन में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने भी उनसे भेंटकर होली की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहाकि वे अपने परिवार और बच्चों के भविष्य केबारे में सकारात्मक सोचें तथा बदलते समय केसाथ उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास करें।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहाकि आज के समय में शिक्षा और विकास केलिए पहले की तुलना में कहीं अधिक अवसर और सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनका उन्हें लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहाकि जनभवन में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में यहां के बच्चों की सक्रिय भागीदारी रहती है, उनके सर्वांगीण विकास केलिए प्रयास करने चाहिएं। उन्होंने बताया कि हाल ही में आदर्श माध्यमिक विद्यालय जनभवन में इसरो लैब का उद्घाटन किया गया है, जहां छोटे-छोटे बच्चों को विज्ञान एवं अंतरिक्ष संबंधी ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। राज्यपाल ने कहाकि निकट भविष्य में बिहार और राजस्थान के स्थापना दिवस समारोह जनभवन में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा कीकि इन कार्यक्रमों में भी सभी सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा विभिन्न राज्यों के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत केबारे में जानकारी प्राप्त करें।
राज्यपाल ने यहां अपने हालिया गुजरात भ्रमण का उल्लेख करते हुए धोलावीरा और बनास डेयरी के कार्यों की भी चर्चा की। उन्होंने कहाकि धोलावीरा लगभग तीन हजार वर्ष पूर्व का अत्यंत विकसित नगर था, जहां उस समय भी अत्याधुनिक सुविधाओं की व्यवस्था थी, आज विश्वभर के शोधकर्ता वहां रिसर्च करने पहुंच रहे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि धोलावीरा और बनासकांठा की डेयरी पर फिल्म बनाई जाए, ताकि लोगों को भारत की प्राचीन और आधुनिक उपलब्धियों की जानकारी मिल सके। राज्यपाल ने कहाकि गुजरात की बनास डेयरी के उत्पाद आज अनेक देशों में निर्यात हो रहे हैं और वहां पशुपालन के क्षेत्र में व्यापक कार्य हो रहा है। उन्होंने गोवंश के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहाकि गाय से प्राप्त विभिन्न संसाधनों का व्यापक उपयोग किया जा रहा है।
कार्यक्रम में राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी डॉ सुधीर एम बोबडे ने होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहाकि जनभवन परिवार में आपसी प्रेम, सौहार्द और टीम भावना से कार्य करने की परंपरा है। उन्होंने कहाकि पिछले तीन-चार वर्ष में जनभवन में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं, यहां आदर्श माध्यमिक विद्यालय का निर्माण तथा गंगोत्री से गंगासागर तक की प्रतिकृति तैयार करने जैसे कार्य प्रगति पर हैं, जो पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक अनूठी पहल होगी। जनभवन के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने होली के गीतों की आकर्षक एवं मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर राज्यपाल के विशेष सचिव श्रीप्रकाश गुप्ता, विशेष कार्याधिकारी शिक्षा डॉ पंकज एल जानी, विधिक परामर्शदाता सुनील कुमार वर्मा आदि उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]