स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत में औद्योगिक कौशल विकास को बढ़ावा

प्रशिक्षण महानिदेशालय का बजाज ऑटो केसाथ फ्लेक्सी एमओयू

बजाज ऑटो लिमिटेड इंडस्ट्री ट्रेनिंग पार्टनर के रूप में करेगी कार्य

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 7 March 2026 04:28:21 PM

directorate general of training signs flexi mou with bajaj auto

नई दिल्ली। कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के अंतर्गत प्रशिक्षण महानिदेशालय ने देश में उद्योग आधारित कौशल विकास को और सुदृढ़ करने एवं सरकार और उद्योग केबीच सहयोग कोभी और मजबूत करने वाली पहल करते हुए भारत की प्रमुख ऑटोमोबाइल निर्माण कंपनियों में एक बजाज ऑटो लिमिटेड केसाथ संशोधित फ्लेक्सी एमओयू योजना जून-2024 केतहत फ्लैक्‍सी एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी केतहत बजाज ऑटो लिमिटेड एक इंडस्ट्री ट्रेनिंग पार्टनर के रूपमें कार्य करेगी और महाराष्ट्र एवं उत्तराखंड में अपनी निर्माण इकाइयों में एनएसक्यूएफ के अनुरूप उद्योग एकीकृत प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करेगी। पहलेही वर्ष में बजाज ऑटो लिमिटेड ने 1000 प्रशिक्षुओं के प्रवेश का प्रस्ताव रखा है, इनके लिए 24 महीने संरचित प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे, जिनमें कक्षा में पढ़ाई केसाथ उन्नत विनिर्माण प्रणालियों का उपयोग करते हुए शॉपफ्लोर पर गहन व्यावहारिक प्रशिक्षण भी शामिल होगा।
कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और शिक्षा राज्यमंत्री जयंत चौधरी ने कहा हैकि वे इस साझेदारी का स्वागत करते हैं, क्योंकि यह भारत में औद्योगिक कौशल विकास को और समृद्ध करने वाली एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहाकि यह पहल भारत के युवाओं केलिए उद्योग से जुड़े प्रशिक्षण अवसरों के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो दर्शाती हैकि भारत में कौशल विकास तंत्र किस प्रकार उद्योग की आवश्यकताओं केसाथ अधिक निकटता से जुड़ता जा रहा है। उन्होंने कहाकि ऐसे सहयोग देश केलिए कुशल प्रतिभाओं की मजबूत श्रृंखला तैयार करने में उल्लेखनीय भूमिका निभाते हैं और देश को विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर तथा स्वयं को वैश्विक स्तरपर कुशल कार्यबल के केंद्र के रूपमें स्थापित करने में सहायक सिद्ध होंगे। डीजीटी और बजाज ऑटो केबीच फ्लेक्सी एमओयू दस वर्ष केलिए वैध रहेगा। योजना के प्रावधानों के अनुसार नामांकन, सीखने की उपलब्धियों और प्लेसमेंट के प्रदर्शन परिणामों से आगे भी बढ़ाया जा सकता है। सहयोग का उद्देश्य ऑटोमोबाइल विनिर्माण इकोसिस्‍टम के भीतर उद्योग से मेल खाते कौशल विकास को मजबूत करना है, रोजगार क्षमता और प्लेसमेंट के अवसरों को बढ़ाना है।
बजाज ऑटो लिमिटेड केसाथ सहयोग एमएसडीई के उस मिशन में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिसका उद्देश्य भारत की विनिर्माण वृद्धि की आकांक्षाओं के अनुरूप भविष्य केलिए कार्यबल तैयार करना है। फ्लेक्सी एमओयू उद्योगों को उभरती तकनीकों और क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप अनुकूलित प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार करने का लचीलापन प्रदान करता है। इसके तहत प्रतिवर्ष न्यूनतम 100 प्रशिक्षुओं की प्रशिक्षण क्षमता अनिवार्य है। सफल अभ्यर्थियों को राष्ट्रीय व्यापार प्रमाणपत्र प्रदान किया जाता है, जिससे वे अप्रेंटिसशिप के पात्र बन जाते हैं। प्रशिक्षुओं को उन्नत ऑटोमोबाइल विनिर्माण प्रणालियों, प्रोडक्शन डोजो, गुणवत्ता नियंत्रण प्रणालियों, प्लांट मेंटेनेंस तकनीकों, मेकाट्रॉनिक्स सिस्टम, वेल्डिंग तकनीकों, असेंबली ऑपरेशंस, लॉजिस्टिक्स प्रबंधन जैसे क्षेत्रों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया जाएगा। सभी पाठ्यक्रम एनएसक्यूएफ के अनुरूप होंगे और इन्हें बजाज ऑटो की मौजूदा प्रशिक्षण अवसंरचना का उपयोग करते हुए एक संरचित, उद्योग एकीकृत मॉडल से संचालित किया जाएगा। यह पहल कुशल तकनीशियनों, आपूर्तिकर्ताओं और विक्रेता नेटवर्क की एक सतत श्रृंखला तैयार करने में मदद करेगी।
एमओयू के दिशानिर्देशों के अनुसार इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग पार्टनर्स को सफल प्रशिक्षुओं में से कम से कम 50 प्रतिशत के प्लेसमेंट को सुनिश्चित करना आवश्यक है। प्रशिक्षण लागत और वजीफे केलिए सीएसआर फंड का उपयोग किया जा सकता है। बजाज ऑटो ने कौशल विकास केप्रति मजबूत प्रतिबद्धता दिखाई है, जहां उसके लगभग 70-80 प्रतिशत सीएसआर व्यय, कौशल विकास पहलों पर केंद्रित है। बजाज इंजीनियरिंग स्क्लि ट्रेनिंग, बजाज मैन्‍यूफैक्‍चरिंग सिस्‍टम्‍स और बजाज सर्विस टेक्‍नीशियन एक्‍सीलेंस प्रोग्राम से कंपनी पूरे भारत में हरवर्ष 90000 से अधिक युवाओं पर सकारात्मक प्रभाव डाल रही है। डीजीटी के उपमहानिदेशक सुनील कुमार गुप्ता ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और मांग अनुसार कौशल विकास को मजबूत करने केलिए उद्योग केसाथ साझेदारी को और गहरा करने के महत्व पर बल दिया। कार्यक्रम में डीजीटी के निदेशक (पाठ्यक्रम विकास) प्रणव चौधरी और निदेशक सीएफआई हेमंत डी गंजारे, कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय की सचिव देबाश्री मुखर्जी, प्रशिक्षण महानिदेशालय के महानिदेशक दिलीप कुमार, बजाज ऑटो लिमिटेड के मुख्य मानव संसाधन अधिकारी रवि किरन रामासामी तथा कंपनी के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]