स्वतंत्र आवाज़
word map

हैदराबाद में नेटफ्लिक्स ने खोला अपना स्टूडियो

भारत में एनिमेशन विजुअल इफेक्ट्स गेमिंग कॉमिक्स में निवेश बढ़ा

देश की मनोरंजन प्रतिभाओं केलिए विश्वस्तर पर पहुंचने का अवसर

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 13 March 2026 05:11:27 PM

netflix opens its studio in hyderabad

हैदराबाद। भारत में लोकप्रिय अमेरिकी ओटीटी स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने हैदराबाद में अपना वैश्विक निर्माण और इनोवेशन स्टूडियो ‘आईलाइन स्टूडियो’ का शुभारंभ किया है, जो भारत के बढ़ते एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स पारितंत्र में निवेश का प्रतीक है। इस पहल से वैश्विक मनोरंजन निर्माण में भारत की भूमिका और व्यापक होने की संभावना है, साथही इससे उन्नत विजुअल इफेक्ट्स और आधुनिक निर्माण तकनीकों के विस्तार को बढ़ावा मिलेगा। तेलंगाना के मुख्यमंत्री अनुमुला रेवंत रेड्डी ने सूचना एवं प्रसारण सचिव संजय जाजू, आईलाइन स्टूडियोज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेफ शापिरो और भारतीय अभिनेता व फिल्म निर्माता राणा दग्गुबाती केसाथ आईलाइन स्टूडियो का फीता काटकर उद्घाटन किया।
नेटफ्लिक्स का हैदराबाद में आईलाइन स्टूडियो लगभग 32 हजार वर्ग फुट में बना है और हाइब्रिड क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर से समर्थित उन्नत दृश्य प्रभाव व आभासी निर्माण तकनीकों से युक्त है। स्टूडियो को उच्चस्तरीय दृश्य निर्माण केंद्र के रूपमें तैयार किया गया है, जो आईलाइन स्टूडियो के वैश्विक नेटवर्क का हिस्सा होगा, इसमें लॉस एंजिल्स, वैंकूवर, सियोल और लंदन केंद्र भी हैं। भारत में नेटफिलिक्स केंद्र की स्थापना से स्पष्ट हैकि नीतिगत समर्थन और उभरते मीडिया क्षेत्र में कौशल विकास पर जोर देकर भारत सृजनात्मक प्रौद्योगिकी और डिजिटल उत्पादन के वैश्विक केंद्र के रूपमें अपनी स्थिति निरंतर सुदृढ़ कर रहा है। आशा की जा रही हैकि हैदराबाद में आईलाइन स्टूडियो से प्रतिभा विकास, प्रौद्योगिकी अपनाने और वैश्विक उत्पादन नेटवर्क केसाथ एकीकरण को बढ़ावा देकर यह देश में एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स परितंत्र विकसित करने में सहायक होगा।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री अनुमुला रेवंत रेड्डी ने इस अवसर पर कहाकि हैदराबाद सृजनात्मकता, प्रौद्योगिकी और वैश्विक प्रतिभा के संगम का जीवंत केंद्र है। उन्होंने कहाकि आईलाइन स्टूडियो जैसी पहल फिल्म, प्रौद्योगिकी और एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग व कॉमिक्स के केंद्र के रूपमें इसे और लोकप्रिय बनाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त कियाकि अमरीकी कार्यक्रम निर्माण कंपनी नेटफ्लिक्स केसाथ सहयोग वैश्विक स्तरपर प्रतिस्पर्धी सृजनात्मक पारितंत्र विकसित करने में सहायक होगा और हैदराबाद से प्रतिभा व फिल्म निर्माण को विश्वस्तर पर पहुंचने का अवसर मिलेगा। सूचना एवं प्रसारण सचिव संजय जाजू नेकहा कि भारत की समृद्ध फिल्म निर्माण परंपरा और बढ़ती तकनीकी क्षमता मनोरंजन क्षेत्र के विस्तार को गति दे रही है। उन्होंने कहाकि हैदराबाद में एवीजीसी यानी विविधता, रचनात्मकता और प्रौद्योगिकी की एक मजबूत विरासत है, जहां कई वैश्विक स्टूडियो संचालित हैं।
संजय जाजू ने कहाकि हैदराबाद में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज (आईआईसीटी) का परिसर रचनात्मक प्रौद्योगिकी क्षेत्रमें कौशल विकास, क्षमता निर्माण को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा। उन्होंने कहाकि बीते वर्ष की वेव्स पहल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ज्ञान, रचनात्मकता, कला, संस्कृति और बौद्धिक संपदा आधारित अर्थव्यवस्था ऑरेंज इकोनॉमी के विकास पर जोर दिया था। संजय जाजू ने कहाकि अब यह नीतिगत कार्यांवयन में बदल रहा है, जिसके तहत देशभर में 15 हजार कंटेंट क्रिएटर लैब की घोषणा की गई है, इनसे रचनात्मक अर्थव्यवस्था में लगभग 20 लाख रोज़गार सृजित होने की संभावना है। तेलंगाना सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिकी एवं संचार तथा उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री डी श्रीधर बाबू ने कहाकि राज्य सरकार दृश्य प्रभाव और एनिमेशन जैसे क्षेत्रोंमें प्रतिभाओं का सशक्त समूह विकसित करने केलिए कौशल विकास पहल तेज करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने कहाकि तेज तकनीकी प्रगति और सृजनात्मक उद्योग की बढ़ती भागीदारी केसाथ हैदराबाद फिल्म निर्माण और रचनात्मक प्रौद्योगिकी के अग्रणी वैश्विक केंद्र के रूपमें उभर रहा है।
आईलाइन स्टूडियोज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेफ शापिरो ने कहाकि भारत ने रचनात्मक और तकनीकी प्रतिभा के वैश्विक दृश्य प्रभाव मनोरंजन उद्योग में लंबे समय से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहाकि हैदराबाद का तकनीकी पारितंत्र और फिल्म संस्कृति इसे दीर्घकालिक क्षमता निर्माण और वैश्विक दृश्य कला में योगदान के सर्वथा उपयुक्त बनाते हैं। अभिनेता और निर्माता राणा दग्गुबाती ने कहाकि इन दो दशक में हैदराबाद में फिल्म और रचनात्मक उद्योग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहाकि आईलाइन स्टूडियोज़ जैसी पहल शहर के रचनात्मक परिवेश को और सुदृढ़ बनाएगी एवं कलाकारों और फिल्मकारों को रचनात्मकता के और अवसर प्रदान करेगी।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]