भारत की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व पहल में जुड़ी जापानी होरीबा
शैक्षणिक उत्कृष्टता के सम्मान में एकमुश्त आंशिक शिक्षण शुल्क छूट!स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Wednesday 18 March 2026 06:34:51 PM
रुड़की (उत्तराखंड)। भारत की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व पहल के अंतर्गत भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की में विद्यार्थियों को होरीबा प्रतिभा खोज छात्रवृत्ति और होरीबा भारत स्नातकोत्तर पुरस्कार 2025-26 से सम्मानित किया गया। होरीबा लिमिटेड जापान की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी होरीबा भारत ने विभिन्न विभागों के 10 स्नातक विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता के सम्मान में एकमुश्त आंशिक शिक्षण शुल्क छूट प्रदान की है। वर्ष 2023 में ‘साथ मिलकर आगे बढ़ें’ विषय केसाथ शुरू हुई यह छात्रवृत्ति योजना भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के मेधावी विद्यार्थियों को निरंतर सहयोग प्रदान कर रही है। आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रोफेसर केके पंत, होरीबा लिमिटेड जापान के वरिष्ठ कॉरपोरेट अधिकारी एवं होरीबा भारत के अध्यक्ष डॉ राजीव गौतम, आईआईटी रुड़की के संसाधन एवं पूर्व छात्र मामलों के अधिष्ठाता प्रोफेसर आरडी गर्ग और छात्रवृत्ति एवं पुरस्कार की सीनेट समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष प्रोफेसर अनिल कुमार इस अवसर पर उपस्थित थे।
डॉ राजीव गौतम के नेतृत्व में यह दूरदर्शी पहल प्रारंभ की गई थी। वे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान से सम्मानित और होरीबा भारत के अध्यक्ष हैं। इस छात्रवृत्ति का उद्देश्य विद्यार्थियों पर आर्थिक बोझ को कम करके उन्हें अपनी शिक्षा पर पूर्ण ध्यान केंद्रित करने केलिए प्रोत्साहित करना है, जिससे भारत के भावी नेतृत्वकर्ताओं का सशक्त निर्माण हो। होरीबा भारत ने आईआईटी रुड़की में दो परियोजनाएं भी प्रायोजित की हैं, जिनके शीर्षक हैं-कार्बन डाइऑक्साइड एवं मीथेन का उच्च प्रदर्शन कार्बन में रूपांतरण तथा शक्ति उपकरणों केलिए गैलियम नाइट्राइड-हीरा अंतरापृष्ठ का फॉनॉन बैंड गैप अभियांत्रिकीकरण। इस संबंध में प्रोफेसर केके पंत, डॉ राजीव गौतम, प्रोफेसर आरडी गर्ग, प्रोफेसर विवेक मलिक, प्रोफेसर रमेश चंद्र तथा प्रोफेसर कोमल त्रिपाठी ने समझौता ज्ञापन का आदान प्रदान किया। प्रोफेसर केके पंत ने मेधावियों को उनकी प्रतिबद्धता केलिए बधाई दी और उन्हें निरंतर उत्कृष्टता केलिए प्रेरित किया।
प्रोफेसर केके पंत ने विद्यार्थियों को अपने शिक्षण संस्थान को सदैव स्मरण रखने और अवसर मिलने पर संस्थान को योगदान देने केलिए भी कहा। उन्होंने होरीबा भारत का इन परियोजनाओं केलिए आभार व्यक्त किया। डॉ राजीव गौतम ने अपने शिक्षण संस्थान केप्रति योगदान देने की अपनी भावना व्यक्त करते हुए बतायाकि इसी उद्देश्य से उन्होंने वर्ष 2023 में ‘होरीबा भारत प्रतिभा खोज छात्रवृत्ति’ की शुरुआत की थी, जो निरंतर जारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को होरीबा भारत में प्रशिक्षण के अवसरों का लाभ लेने को भी कहा। प्रोफेसर आरडी गर्ग ने होरीबा भारत केप्रति आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों को आईआईटी रुड़की के सफल रहे छात्रों से प्रेरणा लेते हुए उच्च लक्ष्य निर्धारित करने को कहा। समारोह में होरीबा भारत की प्रतिनिधि कनिका ठाकुर, कॉरपोरेट संचार प्रमुख अनुराग चौबे, ब्रांडिंग प्रबंधक सोनिका श्रीवास्तव, मीडिया प्रकोष्ठ प्रभारी, संसाधन एवं पूर्व छात्र मामलों कार्यालय, छात्रवृत्ति और पुरस्कार समिति कार्यालय के कर्मचारी भी उपस्थित थे।