स्वतंत्र आवाज़
word map

राजभवन में चांसलर कप इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट

रोमांचक मुकाबलों में क्रिकेट खिलाड़ियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 6 March 2026 03:54:04 PM

chancellor's cup inter-university cricket at raj bhavan

लखनऊ। राजभवन लखनऊ के प्रांगण में चांसलर कप इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट चल रहा है, जिसके रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया हुआ है। राज्यपाल ने 28 फरवरी को क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ किया था, जो 9 मार्च 2026 तक चलेगा। प्रथम मुकाबला लखनऊ विश्वविद्यालय और संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान की टीमों के मध्य खेला गया। लखनऊ विश्वविद्यालय की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 71 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 8 विकेट से शानदार जीत हासिल करली। इस मुकाबले के मैन ऑफ द मैच एसपी यादव रहे, जिन्होंने घातक गेंदबाजी की और 4 महत्वपूर्ण विकेट गिराए। एसपी यादव ने अपनी टीम को विजय दिलाने में निर्णायक भूमिका निभाई।
क्रिकेट टूर्नामेंट के द्वितीय मुकाबले में डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय और अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय की टीमें आमने-सामने रहीं। डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 12 ओवर में 6 विकेट खोकर 115 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसमें सिद्धार्थ ने 67 रन की उत्कृष्ट पारी खेली और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय की टीम 87 रन पर सिमट गई। डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय की ओरसे समित ने 4 और कुंदन ने 3 विकेट लिए, परिणामस्वरूप टीम ने 28 रन से विजय प्राप्त की। विजेता टीम के सिद्धार्थ को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
तृतीय मुकाबले में डॉ शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी को 22 रन से जीत दर्ज की। डॉ शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 137 रन बनाए थे। टीम के अभय ने 23 गेंदों में 43 रन की तेज पारी खेली, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी की टीम निर्धारित 12 ओवर में 5 विकेट खोकर 115 रन ही बना सकी। टीम की ओरसे शबीह हैदर ने 54 रनों की अर्धशतकीय पारी भी खेली, जबकि मोहित वाल्मीकि ने 29 रन बनाए। डॉ शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के गेंदबाजों ने सधी हुई गेंदबाजी करते हुए विपक्षी टीम को लक्ष्य तक पहुंचने नहीं दिया। वीरेंद्र और अनस ने दो-दो विकेट लेकर टीम की जीत दिलाई।
क्रिकेट टूर्नामेंट के चौथे मुकाबले में डॉ राममनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी को 40 रन से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए डॉ राममनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान ने निर्धारित 12 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाए, जिसमें अभिषेक पांडेय ने 28 गेंदों पर 77 रनइ की विस्फोटक नाबाद पारी खेलते हुए 8 छक्के जड़े, जबकि पंकज ने 36 रन जोड़े। जवाब में किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी की टीम 12 ओवर में 5 विकेट पर 125 रन ही बना सकी। टीम की ओरसे अंजनी ने 27 गेंदों पर 68 रनों की तेज पारी खेली। अभिषेक पांडेय को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। डॉ राममनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान की ओरसे आलोक और गोविंद ने दो-दो विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।
क्रिकेट टूर्नामेंट का संचालन राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी अशोक देसाई एवं डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर जेपी पांडेय के नेतृत्व में किया जा रहा है। राज्यपाल के पीएसओ और टूर्नामेंट के खेल प्रबंधक एवं कमेंटेटर जमाल अहमद सिद्दीकी ने जोशीली कमेंट्री की। इसमें लखनऊ के आठ राज्य विश्वविद्यालय लखनऊ विश्वविद्यालय, ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान, किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय, डॉ शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, डॉ राममनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान तथा अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय, राजभवन की टीम भाग ले रही हैं। टूर्नांमेंट में राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी एवं राजभवन की टीम के कप्तान अशोक देसाई, राज्यपाल के परिसहाय पुनीत द्विवेदी, प्रतिभागी विश्वविद्यालयों के कुलपति, अधिकारी, कर्मचारी एवं खिलाड़ी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]