संकटग्रस्त नौसैनिक जहाजों को त्वरित रसद पहुंचाने में मददगार
भारतीय नौसेना में एडीसी-150 प्रणाली जल्द शामिल हो जाएगीस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Wednesday 11 March 2026 02:30:06 PM
पणजी। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन और भारतीय नौसेना ने संयुक्त रूपसे 21 फरवरी से 1 मार्च 2026 केबीच गोवा तट से दूर पी8आई विमान से स्वदेशी एयर ड्रॉपेबल कंटेनर 'एडीसी-150' के चार सफल इन फ्लाइट रिलीज परीक्षण किए। ये परीक्षण विभिन्न चरम रिलीज परिस्थितियों में किए गए। स्वदेशी रूपसे डिजाइन और विकसित यह एयर ड्रॉपेबल कंटेनर 150 किलोग्राम पेलोड पहुंचाने में सक्षम है और तट से दूर खुले समुद्र में तैनात संकटग्रस्त नौसैनिक जहाजों को त्वरित सहायता प्रदान करने केलिए नौसेना की परिचालन रसद क्षमताओं को बढ़ाता है, ताकि उन्हें महत्वपूर्ण भंडार, उपकरण, चिकित्सा सहायता आदि की आवश्यकता हो।
नौसेना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रयोगशाला विशाखापत्तनम इस गतिविधि केलिए नोडल प्रयोगशाला है। हवाई वितरण अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान आगरा ने पैराशूट प्रणाली विकसित की है और सैन्य विमानन योग्यता एवं प्रमाणन केंद्र बेंगलुरु ने उड़ान संबंधी मंजूरी एवं प्रमाणन प्रदान किया है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशाला हैदराबाद ने परीक्षणों केलिए उपकरण संबंधी सहायता प्रदान की। भारतीय नौसेना की आवश्यकताओं को पूरा करने केलिए पी8आई विमान केलिए एडीसी 150 प्रणाली को कम समय में विकसित और प्रमाणित किया गया है। सभी विकासात्मक उड़ान परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे हो चुके हैं, उम्मीद हैकि यह प्रणाली जल्द ही भारतीय नौसेना में शामिल हो जाएगी।