स्वतंत्र आवाज़
word map

'भारत और इंडोनेशिया में रक्षा साझेदारी बढ़ी'

सैन्य स्‍तर की पारस्‍परिक वार्ताएं सफल-रक्षामंत्री राजनाथ सिंह

इंडोनेशिया के रक्षामंत्री जनरल प्रबोवो सुबिआंतो भारत आए

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 28 July 2020 02:49:25 PM

india and indonesia defence ministers' dialogue

नई दिल्ली। भारत और इंडोनेशिया के रक्षामंत्रियों के बीच राजधानी नई दिल्ली में एक बैठक हुई। इंडोनेशिया के रक्षामंत्री जनरल प्रबोवो सुबिआंतो एक प्रतिनिधिमंडल के साथ दोनों समुद्री पड़ोसी देशों के पारस्‍परिक संबंधों को मजबूत करने के लिए भारत आए हुए हैं। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने इस अवसर पर गहन राजनीतिक संवाद, आर्थिक एवं व्यापार संबंधों और सांस्कृतिक एवं आपसी जन संवाद की परंपरा के साथ दोनों देशों के बीच पारस्परिक दृष्टि से लाभप्रद सहभागिता के लंबे इतिहास को दोहराया।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सैन्यस्‍तर की पारस्‍परिक वार्ताओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि भारत-इंडोनेशिया के बीच हाल के वर्षों में रक्षा सहयोग में उल्‍लेखनीय वृद्धि हुई है, जो दोनों देशों के बीच व्यापक सामरिक साझेदारी के अनुरूप है। दोनों रक्षामंत्रि‍यों ने आपसी सहमति वाले क्षेत्रों में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और भी अधिक बढ़ाने पर रजामंदी व्‍यक्‍त की। दोनों देशों के रक्षामंत्रियों ने रक्षा उद्योगों और रक्षा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में पारस्‍परिक सहयोग के संभावित क्षेत्रों की भी पहचान की। दोनों ने इन क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और भी अधिक मजबूत करने एवं इसे प्रदेय वस्‍तुओं या उत्‍पादों के अगले स्तरपर ले जाने की प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की। यह बैठक दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग को और भी अधिक बढ़ाने एवं इसके दायरे को व्यापक बनाने की प्रतिबद्धता के साथ सकारात्मक माहौल में संपन्‍न हुई।
चीफ ऑफ डिफेंस स्‍टाफ एवं सैन्य कार्य विभाग के सचिव जनरल बिपिन रावत, थल सेनाध्यक्ष जनरल एमएम नरवाने, नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया और रक्षा सचिव डॉ अजय कुमार तथा अन्य वरिष्ठ असैन्‍य एवं सैन्य अधिकारियों ने भी इस द्विपक्षीय बैठक में हिस्सा लिया। इससे पहले रक्षामंत्री जनरल प्रबोवो सुबिआंतो के भारत आगमन पर साउथ ब्लॉक के लॉन में उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आयोजन स्थल पर व्यक्तिगत रूपसे उनकी अगवानी की। जनरल प्रबोवो सुबिआंतो राष्ट्रीय युद्ध स्मारक भी गए और शहीद वीर जवानों को पुष्पांजलि अर्पित की।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]